ETV Bharat / state

शाजापुर जिले में साउथ अफ्रीका की टीम ने हेलीकॉप्टर की मदद से पकड़े 448 काले हिरण

शाजापुर जिले में साउथ अफ्रीका और वन विभाग की टीमें बोमा पद्धति से नीलगायों और काले हिरणों के रेस्क्यू में जुटी.

shajapur NILGAI blackbucks rescue
नीलगायों व काले हिरणों के रेस्क्यू की जानतारी लेते अफसर (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : October 30, 2025 at 2:13 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शाजापुर : शाजापुर जिले में नीलगायों और काले हिरणों को पकड़ने का अभियान जारी है. साउथ अफ्रीका की टीम वन विभाग की मदद से बोमा पद्धति से शुजालपुर और कालापीपल क्षेत्र में अभियान चला रही है. रेस्क्यू किए गए काले हिरणों व नीलगायों को अभ्यारण्यों में छोड़ा जा रहा है. बुधवार को साउथ अफ्रीका और वन विभाग की टीम ने 153 कृष्णमृग का रेस्क्यू किया.

नीलगायों व काले हिरणों को अभयारण्यों में छोड़ा

शाजापुर जिले में बुधवार तक कुल 448 कृष्णमृगों को पकड़ा गया है. किसानों की फसलों को चौपट होने से बचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा काले हिरण और नीलगायों को पकडऩे के लिए साउथ अफ्रीका की टीम बोमा पद्धति से काम कर रही है. बुधवार को पोलायकलां तहसील के लसूडिय़ा घाघ एवं निपनिया खुर्द में बोमा लगाया गया. इसमें उमरीसिंघी, खड़ी, पोलायकला, मोरटा केवड़ी, तलेनी, जरखी, सकरई गांव से 153 कृष्णमृगों को किसानों के खेतों से पकड़कर राष्ट्रीय उद्यान के जंगलों में छोड़ा गया.

shajapur NILGAI blackbucks rescue
कमिश्नर व कलेक्टर ने अभियान की जानकारी ली (ETV BHARAT)

कमिश्नर व कलेक्टर ने अभियान की जानकारी ली

वनमंडलाधिकारी देवास एवं अभियान प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पटेल ने बताया "इससे किसानों को होने वाले फसल नुकसान में कमी आएगी." वहीं, संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर ऋजु बाफना ने हेलीकॉप्टर और बोमा से कृष्णमृगों को पकड़ने के लिए चल रहे अभियान का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को देखा. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्यूशंस के अधिकारियों एवं वन विभाग के अधिकारियों से अभियान की जानकारी ली.

shajapur NILGAI blackbucks rescue
शाजापुर जिले में बोमा पद्धति से रेस्क्यू (ETV BHARAT)

शाजापुर जिले में 5 नवंबर तक चलेगा अभियान

पकड़े गए वन्य प्राणियों को देश के अन्य अभ्यारण्यों में कैसे पहुंचाया जाता है, इसकी जानकारी भी कमिश्नर ने ली. अभियान में प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख वीएन अंबाड़े, सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एचएस पाबला, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी एल कृष्णमूर्ति, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अजय यादव द्वारा बोमा क्षेत्र में उपस्थित रहकर कृष्णमृगों को पकड़ने के काम की निगरानी की गई. शाजापुर जिले में ये अभियान 5 नवंबर तक जारी रहेगा.