400 करोड़ की लागत से बना 5 साल भी नहीं चला, NH 45 पर दूसरी बार गिरा ब्रिज
जबलपुर के पास शहपुरा रेलवे लाइन के ऊपर बना ओवरब्रिज गिरा, ब्रिज का एक हिस्सा पहले ही निर्माणाधीन था, लोगों ने भ्रष्टाचार के लगाए आरोप.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 23, 2026 at 9:42 AM IST
|Updated : February 23, 2026 at 10:14 AM IST
जबलपुर: शहपुरा रेलवे लाइन के ऊपर बने ओवरब्रिज का हिस्सा रविवार करीब शाम 4 बजे नीचे गिर गया. हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई, पर ब्रिज का एक तरफ का हिस्सा कुछ दिन पहले ही गिरा था. शहपुरा भोपाल रोड ओवर ब्रिज गिरने से शहपुरा नगर से ट्रैफिक डायवर्ट हो रहा है, जिस कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है. टोल प्लाजा के मैनेजर का कहना है कि, हमने टोल पर वाहनों को बिना किसी शुल्क दिए निकलने की अनुमति दे रखी है.
400 करोड़ की लागत से बना था ब्रिज
भ्रष्टाचार में लिप्त ठेकेदार और अधिकारियों की पोल खोलती यह घटना शहपुरा की है, जहां कुछ दिनों पहले शहपुरा नेशनल हाईवे 45 पर करीब 400 करोड़ की लागत से बने ओवर ब्रिज का एक हिस्सा गिर गया था. रविवार को दूसरा हिस्सा भी भरभराकर गिर गया. इसमें किस जनहानि की घटना नहीं हुई. लेकिन इस घटना ने जबलपुर में चल रहे विकास कार्यों की पोल खोल दी और साथ ही अधिकारियों की सजगता पर भी उंगली उठा दी है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय जनों का आक्रोश भी नजर आ रहा है.
भरभराकर गिरा ब्रिज का हिस्सा
स्थानीय जन जितेंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि, ''यह रेलवे लाइन के ऊपर बना ओवर ब्रिज है, जिसका एक हिस्सा तीन माह पहले बरसात के मौसम में अंदर धस गया था. जिसके कारण इस मार्ग में वन–वे सिस्टम लागू था. आज इसी मार्ग का दूसरा हिस्सा भी धस गया. ठेकेदार कंपनी के मैनेजर से बात करने पर पता चला की इस हिस्से में मिट्टी का भराव था और वन वे होने के कारण लोड बढ़ गया, जिस कारण यह हिस्सा भी टूट गया है.''
इसका मतलब यह है कि यह प्रोजेक्ट गुणवत्ताहीन बना है और जितना मजबूत बनना चाहिए था उतना मजबूत नहीं बना है. अभी फिलहाल शाहपुरा में जाम की स्थिति है. वाहनों को पाटन से भोपाल की तरफ मोड़ा गया है. पाटन से शाहपुर और शाहपुरा से भोपाल रोड मार्ग में वाहन भेजे जा रहे हैं. दूसरा मार्ग झांसी घाट के पास नीमखेड़ा गांव है, मार्ग में छोटे गांव होने के कारण समस्या जा रही है. बताया जा रहा है कि ब्रिज करीब पांच साल पहले बना था.
- मध्य प्रदेश में रेलवे की सबसे लंबी टनल, इंदौर से जबलपुर की दूरी 68 KM कम होगी
- भोपाल में ब्रिज का 100 मीटर का हिस्सा धंसा, बना खतरनाक गड्ढा, 3 अधिकारियों की टीम करेगी जांच
- बड़वानी में टूटी पुलिया से नदी पार करने मजबूर लोग, जिम्मेदार औपचारिक शिकायत का कर रहे इंतजार
स्थानीयजन विवेक सिंघई ने बताया कि, ''3 महीने पहले पुल का एक हिस्सा गिर चुका है. आज दूसरे तरफ का भी हिस्सा गिर गया है. शासन को इस विषय में पहले से चेताया गया था कि यदि इस ब्रिज की मरम्मत समय पर नहीं होती तो आगे बड़ी दुर्घटनायें होंगी. और आज वही दिन है जब पूरे नगर और क्षेत्र को देखना पड़ा. ब्रिज गिरने से दोनों तरफ का सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, पूरे शहपुरा क्षेत्र में भयंकर जाम लगा हुआ है.
थाना प्रभारी शहपुरा प्रवीण धुर्वे ने जानकारी देते हुए बताया कि, ''यह जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे क्रमांक 45 है. जिसमें ब्रिज निर्माण कार्य शुरू हो गया है इसलिए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है, यहां हैवी व्हीकल को मोड़ा जा रहा है.'' एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि, ''जो ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है वो पाटन होकर जबलपुर जाएंगे या भोपाल जाए ऐसी व्यवस्था की गई है. इसके अलावा एक पौड़ी फाटक वाला मार्ग भी शुरू है. ब्रिज टेक्निकल कारणों से गिरा है, जिसे इंजीनियर समझने की कोशिश के रहे हैं.''

