राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में हो रही लीपापोती, भाजपा को लोकतंत्र और संविधान से कोई सरोकार नहीं : लाल बिहारी
शाहजहांपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव ने भाजपा की नीतियों को बताया जन विरोधी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 7, 2026 at 8:00 AM IST
शाहजहांपुर : समाजवादी पार्टी के नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव सोमवार को शाहजहांपुर पहुंचे और यहां मीडिया से बातचीत में भाजपा और उसकी नीतियों की जमकर आलोचना की. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कहा कि भाजपा असली गुनहगारों को बचाकर छुटभइयों को फंसाकर लीपापोती कर रही है. भाजपा मकसद लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने का है.
इसके पहले नेता विरोधी दल लाल बिहारी लाल यादव ने सुभाष नगर स्थित मैरिज लाइन में सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी के साथ बैठक की. इसके बाद मीडिया से रूबरू हुए. उन्होंने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद गायों को काटने और उसका मांस बेचने के विरोध में हैं. वे भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर होकर बोल रहे हैं.

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा पर कहा कि भाजपा, आरएसएस चाहे जितनी मीटिंग करे, कितनी भी एसआईटी जांच कराए. दान चोरी प्रकरण की जड़ से बड़े नेता जुड़े हैं. सबकी सहमति से लूट हो रही थी. ऐसे में असल सच्चाई सामने नहीं आने दी जाएगी. नेता विरोधी दल ने कहा ये तो अभी भगवान राम मंदिर का है अभी तो और भी मंदिर बाकी हैं. वहां की भी जांच हो जाे तो वहां भी घोटाले उजागर होंगे. भाजपा भगवान राम के नाम पर उगाही और जमीनें हड़पने का काम कर रही है.
नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव कहना है कि टिन्नू ड्राइवर है, एक ड्राइवर की औकात, एक लाख, दो लाख या चार लाख तक की हो सकती है. दो चार अरब की नहीं हो सकती है, वो तो किसी का करिंदा है. उसका काम तो इतना होगा कि रुपये और सोना चांदी उठा लाओ या रख आओ, वो तो सिर्फ नौकर है. उसने सिर्फ इतना किया जो एक नौकर अपने मालिक के लिए करता है. सोना-चांदी सब कुछ लूट लिया है ये सबको पता है. सोने से बनी रामायण जो करीब चार करोड़ की थी उसको भी लूट लिया. सिंधी समुदाय ने जो चांदी का सामान दिया था, उसका भी कुछ अता पता नहीं है.
नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव ने भाजपा सरकार वित्तविहीन शिक्षकों व शिक्षकों, मदरसों के शिक्षकों और सहायता प्राप्त शिक्षकों का लगातार उत्पीड़न कर रही है. मदरसे के शिक्षक भुखमरी की कगार पर हैं. जिनको मानदेय मिलता था वह पैसा बंद कर दिया, जो काम किया था उसका पैसा भी सरकार देने को तैयार नहीं है. उन्होंने शिक्षकों से अपील की है कि अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत बनाएं. उनकी मांगें, पुरानी पेंशन की बहाली चयन बोर्ड आयोग की धारा 21, 18 और 12 का संशोधन करने के लिए अखिलेश यादव तैयार हैं. वित्तविहीन विद्यालयों में शिक्षकों को मानदेय देने की घोषणा कर दी है. अगर सपा सरकार बनती है तो ये सब होगा.
नेता विरोधी दल ने कहा कि भाजपा, आरएसएस संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की ये योजना बना रहे हैं. सांसद, विधायकों की खरीद फरोख्त और विपक्षी राजनीतिक दलों का अस्तित्व खत्म करके देश में अपरोक्ष रूप से राजतंत्र की व्यवस्था लागू करने की कोशिश हो रही है. ऐसे में देश में चुनाव व्यवस्था सिर्फ औपचारिकता बन जाएगी. भाजपा चीन और रूस की तरह राष्ट्राध्यक्ष बनाने की जुगत में है. इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान ने आए हुए सभी नेताओं व पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं और स्कूल के प्रबंधकों व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें : दिल्ली का मुख्यमंत्री तय करेगा बिहार! जाट या SC फैक्टर से निकलेगा नया कैरेक्टर

