शाहजहांपुर: मिल अधिकारियों से प्रताड़ित सुपरवाइजर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लगाये गंभीर आरोप
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया, बजाज चीनी मिल के सुपरवाइजर मनोज कुमार गंगवार ने अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 4, 2026 at 9:58 PM IST
शाहजहांपुर: शाहजहांपुर के थाना बंडा क्षेत्र के भौंरखेड़ा गांव में बजाज चीनी मिल के सुपरवाइजर मनोज कुमार गंगवार ने आत्महत्या कर ली. मकसूदापुर स्थित बजाज चीनी मिल में काम करने वाले मनोज कुमार गंगवार ने आत्महत्या से पहले अपने घर के दरवाजे पर एक सुसाइड नोट चिपका दिया था.
इसमें उन्होंने मिल के एचआर (HR) मैनेजर और यूनिट हेड पर गंभीर उत्पीड़न का आरोप लगाया है. पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

सुसाइड नोट में प्रताड़ना का आरोप: सुसाइड नोट में मनोज कुमार गंगवार ने लिखा कि उन्हें लगातार काम का भारी दबाव दिया जा रहा था और मिल प्रशासन ने उनके कई भुगतान भी रोक लिए थे. कर्मचारी की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ के बाद मामले की जांच शुरू की.

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे बंडा पुलिस को सुसाइड की जानकारी मिली थी. पुलिस ने परिजनों की तहरीर और सुसाइड नोट के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है.
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई: अधिकारियों के अनुसार, मनोज कुमार गंगवार के सुसाइड नोट में मिल अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, ताकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके.

थाना बंडा पुलिस अब उन तमाम बिंदुओं की जांच कर रही है, जिनका जिक्र सुसाइड नोट में किया गया है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- यूपी में 'हर घर जल' मिशन की 3.62 करोड़ की पानी की टंकी ढही, मलबे में दबकर 7 लोग घायल

