बेमेतरा में आदिवासी महासम्मेलन, शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का हुआ अनावरण
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बेमेतरा में शहीद वीर नारायण सिंह को नमन किया. अंकुर तिवारी की रिपोर्ट

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 30, 2026 at 9:11 PM IST
बेमेतरा: छत्तीसगढ़ में आदिवासी महासम्मेलन के अवसर पर देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी समाज के गौरव शहीद वीर नारायण सिंह को याद किया गया. बेमेतरा में डिप्टी सीएम अरुण साव ने शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया. उसके बाद डिप्टी सीएम ने आदिवासी महासम्मेलन में हिस्सा लिया.
छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की दिखी झलक
कृषि उपज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय आदिवासी महासम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. कार्यक्रम में पारंपरिक लोकनृत्य, गीत-संगीत और वेशभूषा के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया गया.
पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर जब समाज के लोग लोकनृत्य करते हुए कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया. समाज के लोगों ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव का पारंपरिक तरीके से स्वागत और अभिनंदन किया. कार्यक्रम में आदिवासी समाज की एकता और सांस्कृतिक गौरव भी स्पष्ट रूप से नजर आया.
वीर नारायण सिंह के आदर्शों पर चलने की अपील
प्रतिमा का लोकार्पण करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शहीद वीर नारायण सिंह के जीवन और उनके संघर्ष को याद किया. उन्होंने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ की धरती के ऐसे महान सपूत थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार और शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की. उनका जीवन देशभक्ति, त्याग, साहस और संघर्ष से भरा हुआ था.

शहीद वीर नारायण सिंह का जीवन आज भी समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है. जिस प्रकार उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया. उन्होंने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, वह आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा- अरुण साव, डिप्टी सीएम, छत्तीसगढ़
वीर नारायण सिंह के नाम पर क्रिकेट स्टेडियम- साव
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि रायपुर में स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम भी शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रखा गया है. उन्होंने कहा कि यह केवल एक नाम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी के प्रति प्रदेशवासियों की श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है. खेलों के क्षेत्र में इस स्टेडियम के जरिए देश दुनिया तक शहीद वीर नारायण सिंह की ख्याति पहुंच रही है.

