जहां हुआ एनकाउंटर, उस स्थान का नाम होगा 'शहीद भरत नगर जवइनिया'
भरत भूषण तिवारी की याद में एनकाउंटर वाला स्थान अब उसके नाम से जाना जाएगा. स्थानीय लोगों ने आम सहमित ये फैसला किया है. पढ़ें.

Published : June 26, 2026 at 4:16 PM IST
आरा: एक तरफ एनकाउंटर में जान गंवाने वाले भरत भूषण तिवारी को इंसाफ दिलाने के लिए लोग लड़ाई लड़ रहे हैं, दूसरी तरफ उसे सम्मान देने की भी कोशिश चल रही है. भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव स्थित जिस जगह पर एनकाउंटर हुआ था, अब स्थानीय लोगों ने उस स्थान को उसकी स्मृति से जोड़ने का निर्णय लिया है.
भरत तिवारी के नाम पर गांव: जिस स्थान पर भारत भूषण तिवारी की मौत हुई थी, वहां बसाई जा रही जवइनिया विस्थापितों की नई बस्ती का नाम भरत तिवारी के नाम पर रखने की पहल की गई है. स्थानीय लोगों की ओर से मौके पर एक बड़ा बोर्ड लगाया गया है. उस पर लिखा है, 'आपका बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा.'
'शहीद भरत नगर जवइनिया' नाम: बोर्ड पर भरत भूषण तिवारी की तस्वीर के साथ उसकी 'शहादत' की तिथि 17 जून 2026 अंकित की गई है. साथ ही उल्लेख किया गया है कि उसकी स्मृति में जवइनिया का नामकरण 'शहीद भरत नगर जवइनिया' किया गया है.
"हमलोगों के भरत तिवारी आदमी अच्छा था. हमलोगों की मांग उठाता था. मिट्टी के लिए उसकी जान चली गई. भरत नगर नाम इसका हमलोग चाहते हैं."- उमेश कुमार, स्थानीय
जानकारी के अनुसार जवईनिया गांव के विस्थापित परिवारों के लिए बिलौटी स्थित भूमि पर करीब 74 आवास आवंटित किए गए हैं. इसी नई बसावट को स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भरत भूषण तिवारी की याद में भरत नगर नाम देने का फैसला लिया है.

"हमारे जो भरत भैया हैं, उनके नाम से ये बस्ती को जाना जाएगा. सरकार से भी मांग करते हैं कि भरत नगर के नाम से बस्ती का नाम किया जाए. साथ ही मिट्टी भराई से लेकर सभी उन मांगों को माना जाए, जो भरत भैया की मांग थी."- अनिल कुमार, स्थानीय
अभी आधिकारिक स्वीकृति नहीं मिली: बोर्ड पर यह भी उल्लेख है कि यह पहल युवा परिवर्तन फाउंडेशन, शाहपुर (भोजपुर) के सौजन्य से की गई है. हालांकि, यह नामकरण स्थानीय स्तर पर की गई पहल है. प्रशासन की ओर से इस बस्ती के नाम को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक अधिसूचना या स्वीकृति जारी नहीं की गई है.
एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत: 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में बिलौटी निवासी भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी. पुलिस का दावा था कि भरत फायरिंग कर रहा था, इसलिए आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी. हालांकि परिजनों ने आरोप लगाया कि हथियार फेंकने के बाद उसे गोली मारी गई. वायरल वीडियो में भी परिजनों के आरोपों की पुष्टि होती है.
ये भी पढ़ें:
जांच टीम के पीछे कौन था खड़ा.. जिसे देख भड़कीं भरत तिवारी की मां... बोली- 'पहचानते नहीं क्या?'
Bharat Tiwari Encounter: न्यायिक जांच शुरू, बिलौटी गांव पहुंचे रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा
'अगर गलत है तो कार्रवाई होगी', भरत तिवारी एनकाउंटर पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा बयान
Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी की कहानी.. जिसके एनकाउंटर पर सवालों के घेरे में पुलिस और सरकार

