मार्केट में आ गई गजब मशीन, बेड भी बनेगा, बुवाई भी होगी, जानिए इस मशीन की खासियत
किसानों का समय बचाने आई रिज बेड प्लांटर मशीन, एक साथ करती है कई काम, दलहन-तिलहन और मक्का की फसल की आसानी से होगी बुवाई. शहडोल से अखिलेश शुक्ला की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 3, 2026 at 4:16 PM IST
|Updated : July 3, 2026 at 5:14 PM IST
शहडोल: खरीफ सीजन का समय चल रहा है और पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर भी शुरू हो गया है. शहडोल में पिछले तीन दिनों से झमाझम बरसात हो रही है, 2 जुलाई को दिनभर बारिश का मौसम रहा और किसान इन दिनों खेतों पर ही नजर आ रहे हैं, क्योंकि खेती किसानी का दौर भी चल रहा है. ऐसे में आज के भाग दौड़ भरी जिंदगी में किसानों के पास भी समय नहीं है, ऐसे में कम समय में ज्यादा से ज्यादा काम किसान करना चाहता है और ऐसे किसानों के लिए ही रिज बेड प्लांटर मशीन है, जो एक साथ कई काम करता है. यह बीज की बुवाई भी करता है, बेड भी बनाता है. कुल मिलाकर किसानों के लिए यह बड़े काम की मशीन है.
क्या है रिज बेड मशीन ?
शहडोल कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि अभियांत्रिकी वैज्ञानिक डॉ दीपक चौहान बताते हैं कि "रिज बेड प्लांटर मशीन किसानों के लिए बड़े ही काम की मशीन है, क्योंकि ये न केवल समय बचाती है, लागत भी बचाती है और एक साथ में कई काम करके देती है. मशीन में इस तरह से इक्विपमेंट लगे होते हैं, कि जब ये मशीन चलती है तो पहले तो यह बेड बनाते जाता है और फिर उसी बेड के ऊपर एक और नली लगी होती है, जो उसमें बीच की बुवाई करती जाती है. खरीफ के मौसम में अभी कई फसलों की बुवाई के लिए यह मशीन बड़े काम की है.
किन-किन फसलों की बुवाई
डॉ. दीपक चौहान बताते हैं यह रिज बेड प्लांटर मशीन बड़े काम की है, क्योंकि इस मशीन से दलहन, तिलहन में आने वाली सभी तरह के फसलों की बुवाई की जा सकती है. इसके अलग-अलग अटैचमेंट आते हैं. दलहनी में मूंग-उड़द, तिलहनी में तिल, सोयाबीन की बात हो. इसके अलावा मक्का की फसल की बुवाई भी इस मशीन से की जा सकती है. यह मशीन बड़े ही शार्प तरीके से खेतों में बुवाई कर देती है. इसके अलावा सब्जियों की खेती के लिए भी बेड बनाने में यह मशीन बड़े काम की है.
इस मशीन की खास बात यह है कि जो इसमें बेड बनता है, उसमें जो बेड के नीचे की चौड़ाई रहती है वो 90 सेंटीमीटर के लगभग बनती है और ऊपर की चौड़ाई ये लगभग 70 सेंटीमीटर के आसपास होती है. एक बेड में हम दो लाइन में बुवाई कर सकते हैं. बेड चौड़ी रहती है और एक बेड में हम बात करें तो 1 एकड़ की बुवाई 45 से 50 मिनट में हो जाती है.

बस निर्भर करता है कि आपकी मिट्टी किस तरह की है, अगर भारी, काली मिट्टी है तो 10 से 15 मिनट कम ज्यादा भी हो सकता है. इस मशीन की खास बात ये है कि पौधे से पौधे की दूरी भी मेंटेन हो जाती है. कम समय में बीज की बुवाई भी हो जाती है और एक साथ कई काम भी हो जाते हैं.
- साल भर गिनते रहेंगे पैसे, लगा दें दाल वाली ये फसल, बारिश का भी नहीं रहेगा इंतजार
- शहडोल का रेनफॉरेस्ट बॉडीगार्ड! न जमीन न सरकारी बजट, खड़ा किया 1000 पेड़ों का जंगल
मशीन की कितनी लागत
दीपक चौहान बताते हैं कि इस मशीन को चलाने के लिए 45 से लेकर के 55 हॉर्स पावर तक ट्रैक्टर काम कर जाते हैं. इस मशीन में कई अलग-अलग अटैचमेंट भी आते हैं, जिनको आप ले सकते हैं और अलग-अलग फसलों के हिसाब से उन अटैचमेंट का इस्तेमाल कर सकते हैं. इस मशीन के बारे में दीपक चौहान कहते हैं कि अलग-अलग कंपनियां बनाती हैं तो अलग-अलग रेट भी रहते हैं लगभग 80 से 90000 से कम या ज्यादा पर आप इसे अपने घर पर ला सकते हैं और इसके अलग-अलग अटैचमेंट भी खरीद सकते हैं.

