ऑनलाइन गेम या है कुछ और, उजड़ गया परिवार, पिता और बेटी की मौत, मां गंभीर
शहडोल में ऑनलाइन गेम के कर्ज ने उजाड़ा परिवार, पिता का खौफनाक कदम. बेटी और पिता की मौत, मां की हालत गंभीर.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 26, 2026 at 7:01 AM IST
शहडोल: शहडोल जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जो हैरान कर देने वाला है. ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक हंसते खेलते परिवार को ही उजाड़ दिया. लाखों रुपए हारने के बाद कर्ज के बोझ तले टूट चुके पिता ने ऐसा कदम उठाया, जिससे पिता और बेटी की मौत हो चुकी है और पत्नी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है.
ऑनलाइन गेम के कर्ज ने उजाड़ा परिवार
मामला शहडोल जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती का है जहां से यह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. इस घटना को लेकर बताया जा रहा है कि ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हार चुके और कर्ज के बोझ तले दबे एक पिता ने जो अपने घर का मुखिया भी था, ऐसा खौफनाक कदम उठाया जिसने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पहले अपनी पत्नी और बेटी को पिलाया और फिर खुद भी पीकर आत्मघाती कदम उठा लिया.

बेटी और पिता की मौत, मां आईसीयू में लड़ रही जिंदगी की जंग
इस दर्दनाक घटना में मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 16 वर्षीय बेटी की मौत हो गई जबकि उसका अंतिम संस्कार कर परिजन घर लौट ही रहे थे कि कुछ देर बाद पिता शंकर लाल गुप्ता जिसकी उम्र 40 वर्ष है उसकी भी मौत हो गई. पत्नी राजकुमारी गुप्ता जिसकी उम्र 34 वर्ष है फिलहाल आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है.
घटना के वक्त 15 साल का बेटा नहीं था घर पर
कहा जा रहा है की घटना के समय परिवार का 15 वर्षीय बेटा घर पर मौजूद नहीं था, जिसके चलते वो इस हादसे का शिकार होने से बच गया. लेकिन अब उसके सर से पिता और बहन का साया उठ चुका है और मां अभी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है. उसकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.
क्या है पूरा मामला
सामने आया है कि शंकर लाल गुप्ता ऑनलाइन गेम खेलता था और इस गेम में पैसा लगाकर किस्मत आजमाने की कोशिश करता था. इसी दौरान वह लगभग 4 लाख रुपये हार गया था और बाजार में कर्ज भी बढ़ता चला गया. आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने ये खौफनाक कदम उठाया.
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान का कहना है कि "जिला अस्पताल स्थित जो अस्पताल चौकी है वहां पर कल रात में एक तहरीक प्राप्त हुई थी, सुबह यह बताया गया था कि तीन लोग जहर पीकर अस्पताल में भर्ती हैं, जिसमें एक पुरुष एक महिला और एक 17 वर्षीय बालिका थी, तीनों की हालत जहर पीने की वजह से गंभीर थी. उनका तत्काल उपचार कराया गया क्योंकि बालिका की तबीयत थोड़ी ज्यादा खराब होने से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जो बालिका थी उसकी वहीं पर मृत्यु हो गई. पिता की भी मृत्यु हो गई है, जांच की जा रही है."
ये भी पढ़ें:
- ऑनलाइन लूडो गेम में विवाद पर बदमाशों ने 2 युवकों को किया किडनैप, बेरहमी से की पिटाई
- ऑनलाइन गेम के चंगुल में फंसा युवक, सब कुछ तबाह होने पर उठाया खौफनाक कदम
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में पाया गया है कि शंकर लाल गुप्ता नामक जो व्यक्ति था उसकी पूर्व में ऑटो पार्ट्स की दुकान थी, लेकिन कुछ समय से वह फुलकी बेचने का कार्य कर रहा था. कल जो उनकी पत्नी के द्वारा प्राथमिक कथन दिया गया उसमें बताया गया कि "वह घर आए थे 2 लीटर कोल्ड ड्रिंक की बोतल लेकर आए थे और स्वयं पिया अपनी पत्नी को अपनी बेटी को पिलाया उनका बेटा तो घर पर उस समय नहीं था, तीनों जैसे कोल्ड ड्रिंक पिये उसके बाद उनको उल्टी होने लगी, उनका स्वास्थ्य खराब हो गया इस वजह से उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया."

