नायब तहसीलदार को देख भागने लगे रेत माफिया, चलते-चलते बीच सड़क पर गिराई रेत, देखें वीडियो
शहडोल में पुलिस को देख रेत से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर भागने लगा चालक, बीच सड़क पर चलते-चलते सड़क पर गिराई रेत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 9:22 PM IST
शहडोल: सड़क पर रेत गिराते हुए एक ट्रैक्टर का वीडियो सामने आया है. वीडियो में दिख रहा है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टर तेज गति से जा रहा है और उस ट्रॉली में रेत भरी हुई है. अचानक से एक आदमी आता है और ट्रैक्टर की ट्रॉली पीछे से खोल देता है. जिसके बाद ट्रैक्टर से रेत गिरने लगती है. इस वीडियो के सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर काफी सर्कुलेट हो रहा है.
नायब तहसीलदार को देख भागने लगे रेत माफिया
ये वीडियो शहडोल जिले अंतर्गत ब्यौहारी तहसील का है, जहां पदस्थ नायब तहसीलदार शनि द्विवेदी अपनी टीम के साथ अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए खरपा तिराहे के पास पहुंचे थे. इसी दौरान जंगल की ओर से रेत लदा एक ट्रैक्टर आता दिखाई दिया. जब नायब तहसीलदार और उनकी टीम ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, तो रेत माफिया ट्रैक्टर लेकर भागने लगे.
चलते ट्रैक्टर से सड़क पर अनलोड की रेत
जैसे ही रेत से लोड ट्रेक्टर ट्रॉली लेकर भागे तो नायब तहसीलदार सनी द्विवेदी और उनकी टीम ने भी ट्रैक्टर का पीछा करना शुरू कर दिया. रास्ते में ट्रैक्टर चालक ने पीछा छुड़ाने के लिए चलती ट्रैक्टर से रेत सड़क पर ही अनलोड करना शुरू कर दिया. वीडियो में दिख रहा है कि एक आदमी ट्रैक्टर ट्रॉली पर आता है, ट्रैक्टर ट्राली खोलता है. जिसके बाद चालक हाइड्रोलिक उठाकर रेत को सड़क पर ही अनलोड करने लगता हैं. ताकि पीछा कर रही गाड़ी उनके पीछे न आए और उनका पीछा करना छोड़ दें.
नायब तहसीलदार के साथ अभद्रता
इस मामले को लेकर आरोप लगे हैं कि नायब तहसीलदार के साथ इन रेत माफियाओं ने गाली गलौज की है. उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है. इस दौरान उनके साथ मारपीट की भी कोशिश की गई है. इस पूरी घटना के दौरान अवैध उत्खनन कर रेत ले जा रहे ट्रैक्टर का वीडियो भी नायब तहसीलदार ने ही अपने मोबाइल से बनाया है, जो कि अब सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहा है.
6 ट्रैक्टर वाहनों को पुलिस ने किया जब्त
इस घटना की शिकायत जब ब्यौहारी थाने में की गई, तो ब्यौहारी थाने की पुलिस ने कामता बैस और अमरदीप बैस उर्फ झब्बू बैस दोनों सरवाही खुर्द गांव के रहने वाले हैं, इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. वहीं, इस घटना के बाद पुलिस ने जांच करते हुए अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लिप्त 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त करने के कार्रवाई की है.
- नर्मदापुरम में ईडी का एक्शन, रेत कंपनी के कर्मचारी के घर पर देर रात तक चली कार्रवाई
- शिवपुरी में रेत माफियाओं के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन, पानी की पनडुब्बियों में लगाई आग
2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले को लेकर शहडोल एसपी राम जी श्रीवास्तव का कहना है कि "नायब तहसीलदार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. जब वो रोड पर जा रहे थे, तो एक ट्रैक्टर अवैध परिवहन करते मिला. गाड़ी का पीछा करने पर ट्रैक्टर चालक ने अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली से रेत भी गिरा दी. बाद में एक मोटरसाइकिल में सवार एक व्यक्ति ने उनको धमकी भी दी है. जिस पर 2 लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज करके कार्रवाई की गई है. वहीं 6 गाड़ियां जब्त भी की गई हैं."

