शहडोल मेडिकल कॉलेज में बढ़ने जा रहीं पीजी की सीटें! मोहन यादव ने किया था ऐलान
मोहन यादव के ऐलान के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने पीजी सीट बढ़ाने के लिए मध्य प्रदेश शासन को भेजा प्रस्ताव.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 8:24 PM IST
शहडोल: संभागीय मुख्यालय में संचालित शहडोल मेडिकल कॉलेज में पीजी की सीटें बढ़ाए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद शहडोल बिरसा मुंडा चिकित्सा महाविद्यालय प्रबंधन ने पीजी की सीटों को बढ़ाए जाने के लिए अप्लाई भी कर दिया है. प्रबंधन ने प्रस्ताव बनाकर मध्य प्रदेश शासन को भेज दिया है.
पीजी की सीट बढ़ाने का भेजा प्रस्ताव
बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय शहडोल मेडिकल कॉलेज के प्रबंधन ने पीजी की 68 सीटों को बढ़ाने के लिए प्रस्ताव बनाकर मध्य प्रदेश शासन को भेजा है. जिसमें मेडिसिन और सर्जरी डिपार्टमेंट में 7-7, हड्डी और गायनिक के लिए 5-5 और अन्य विभाग की भी कई सीटें शामिल हैं.
वर्तमान में शहडोल मेडिकल कॉलेज में पीजी की महज 4 सीट हैं. फॉरेंसिक साइंस में 2 और माइक्रोबायोलॉजी में 2 सीटें हैं. शहडोल मेडिकल कॉलेज में पीजी की 68 और सीटों के लिए कॉलेज प्रबंधन ने अप्लाई कर दिया है. जिसके लिए प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेज दिया है.

मोहन यादव ने की थी पीजी सीट बढ़ाने की घोषणा
शहडोल के धनपुरी दौरे के दौरान मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों को बढ़ाने की घोषणा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 8 फरवरी को की थी. मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद उम्मीद जगी कि शायद शहडोल मेडिकल कॉलेज में पीजी की सीटें बढ़ जाएगी. इस साल से ही संभावित सीटों में शहडोल मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी.
- लाड़ली बहना को लेकर फिर बोले मोहन यादव, पैसों को लेकर कह दी बड़ी बात
- रीवा को मिला 200 बेड का कैंसर अस्पताल, अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 321 करोड़
'पीजी सीटों में बेहतर पढ़ाई के लिए प्रोफेसर भी जरूरी'
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉक्टर नागेंद्र सिंह का कहना है कि "पीजी की जितनी सीट अप्लाई हुई हैं उन सभी सीटों में पढ़ाई के लिए एसोसिएट प्रोफेसर्स का होना भी जरूरी है, इसके लिए मेडिकल कॉलेज के डीन लगातार पत्राचार भी कर रहे हैं."
शहडोल मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर जीबी रामटेक कहते हैं कि "पीजी की सीटों में वृद्धि के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है. चिकित्सा शिक्षा विभाग से मंजूरी मिलते ही पढ़ाई प्रारंभ कर दी जाएगी. पीजी की सीटों में बेहतर पढ़ाई के लिए प्रोफेसर की भी भर्ती की जाए." शहडोल मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में एमबीबीएस की 100 सीटों पर पढ़ाई चल रही है. एमबीबीएस की सीटों की संख्या 200 तक करने की तैयारी चल रही है.

