ETV Bharat / state

शहडोल में झमाझम बारिश से उफान पर सोन नदी , बाणसागर डैम के 6 गेट खुले, कई गांवों से संपर्क टूटा

शहडोल में बीते 24 घंटे से लगातार बारिश, उफान पर नदी नाले, सोन नदी लबालब, बाणसागर डैम के 6 गेट खुले. अखिलेश शुक्ला की रिपोर्ट.

BANSAGAR DAM SIX GATES OPEN
बाणसागर डैम के 6 गेट खुले (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : August 30, 2026 at 4:37 PM IST

|

Updated : August 30, 2026 at 6:33 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

शहडोल: मध्य प्रदेश के कई शहरों में झमाझम बरसात का दौर जारी है. शहडोल में भी बीती रात से ही बारिश शुरू है और अभी भी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है, रुक-रुक कर बरसात हो रही है. इसका असर यह है कि अब नदी नाले उफान पर आ चुके हैं. कई जगह से पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बह रहा है, कई गांव के संपर्क टूट चुके हैं. सोन नदी में भी पानी की रफ्तार बढ़ चुकी है, इस वजह से बाणसागर डैम के 6 गेट खोले दिए गए हैं.

बाणसागर डैम के 6 गेट खुले

बाणसागर डैम के कार्यपालन यंत्री सुरेंद्र शर्मा ने बताया, "बाणसागर डैम में लगातार पानी आ रहा है, जिसकी वजह से इसमें जल भराव हो रहा है, स्थिति पर निगरानी बनाये हुए हैं. 2900 क्यूमेक्स पानी बाणसागर डैम में लगातार आ रहा है, जिसको देखते हुए दोपहर में 12:00 बजे बाणसागर डैम के 6 गेट खोले गए हैं, जिससे करीब 2574 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है. अभी सभी गेट 2 मीटर खोले गए हैं. अभी नजर बनाये हुए हैं, अगर पानी और बढ़ता है तो और गेट खोले जा सकते हैं या फिर जो गेट खुले हैं उनकी हाइट 2 मीटर से ज्यादा बढ़ाई जा सकती है."

शहडोल में झमाझम बारिश से उफान पर सोन नदी (ETV Bharat)

लबालब हुआ बाणसागर डैम

कार्यपालन यंत्री सुरेंद्र शर्मा ने बताया, "बाणसागर डैम का लेवल 341.64 मीटर है, जो पूरी तरह से फुल हो गया है. इसलिए पानी छोड़ा जा रहा है. पानी के बढ़ने पर लगातार नजर रखी जा रही है. इसके अलावा पावर हाउस को भी एक गेट खोलने के लिए कह दिया गया है. वह भी बिजली जनरेशन के लिए एक गेट खोल दिए हैं."

SON RIVER WATER LEVEL INCREASE
शहडोल में झमाझम बारिश से उफान पर सोन नदी (ETV Bharat)

लोगों को किया अलर्ट

बाणसागर बांध प्रबंधन ने शहडोल, मैहर, सीधी, और सिंगरौली जिलों के प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को डैम से पानी छोड़ने की सूचना दे दी गई है. प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. खास तौर पर सोन नदी के तटीय क्षेत्र निचले इलाकों में जो लोग रह रहे हैं. उन लोगों को बहुत ही सतर्क रहने के लिए कहा गया है. शहडोल जिले में सोन नदी के तटीय और मैदानी इलाकों में प्रशासन को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. प्रभावित क्षेत्र में मुनादी कराकर ग्रामीणों को भी सावधान किया जा रहा है.

SHAHDOL RIVERS STREAMS SPATE
पानी छोड़ने पर लोगों को किया अलर्ट (ETV Bharat)

बांध प्रबंधन ने मैदानी अमले को भी सतर्क रहने और जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, बारिश के बीच बांध के लगभग पूर्ण भराव तक पहुंचने से आने वाले घंटे में जलस्तर और पानी की निकासी पर नजर रखी जा रही है. नदी किनारे रहने वाले लोगों से पानी, नदी और नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है.

BANSAGAR DAM SIX GATES OPEN
बाणसागर डैम के 6 गेट खुले (ETV Bharat)

मछली पकड़ने गए 6 लोग फंसे

बाणसागर डैम के 6 गेट खुलते ही सुखाड़ नदी में पानी का प्रवाह बढ़ने लगा. इसी दौरान नदी में मछली पकड़ने गए कुछ लोग पानी बढ़ने से वहीं एक टापू में ही फंस गए. जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है. टापू में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं. शहडोल होमगार्ड की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है, जबकि एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई है.

कलेक्टर पार्थ जायसवाल का कहना है, " नदी में मछली मारने गए 6 लोगों के फंसे होने की सूचना मिली है. प्राथमिक तौर पर शहडोल होमगार्ड की टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हो गई है, जल्द ही सभी का रेस्क्यू कर लिया जाएगा."

Last Updated : August 30, 2026 at 6:33 PM IST