शहडोल में भारी बारिश से हाहाकार, नदी नाले उफान पर, बाणसागर डैम के 6 गेट खुले
शहडोल में लगातार आसमान से बरस रही आफत, प्रशासन की चेतावनी दरकिनार, उफनती कसेड़ नदी में स्टंटबाजी करते दिखा युवक. अखिलेश शुक्ला की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 2:04 PM IST
शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल में सोमवार को पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही. कहीं तेज बारिश तो कहीं रिमझिम बारिश का दौर देखने को मिला. अब लगातार बारिश का असर भी दिखने लगा है. जिसके चलते सभी नदी-नाले उफान पर आ चुके हैं. कई गांव के कनेक्शन टूट चुके हैं, तो वहीं नदियों के उफान पर होने की वजह से बाणसागर डैम भी लबालब हो चुका है. इसलिए डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है. कलेक्टर ने झमाझम बरसात के बीच लोगों से सावधान और सजग रहने की अपील की है.
शहडोल में बारिश का दौर जारी
शहडोल में लगातार बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं, कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है. इसके बाद भी लोग जान जोखिम में डालकर उफनती नदियों-नालों को पार करते नजर आए. जैतपुर क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक उफनती कसेड़ नदी के बीच स्टंटबाजी करते हुए दिखाई दिया. वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहा है.
बाणसागर डैम के 8 गेट खुले
बाणसागर डैम में अधिक पानी होने के चलते रविवार को 6 गेट खोले गए थे, इसके बाद सोमवार को दो और गेट खोले गए हैं. इस तरह से बाणसागर डैम के 8 गेट खोले जा चुके हैं. इन सभी गेटों को दो मीटर खोला गया है. जिससे करीब 3,277 क्यूमेक्स पानी छोड़ा गया. बांध में पानी लगातार आ रहा है, जिसे देखकर प्रशासन भी अलर्ट है. निचले इलाके में भी लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है. क्योंकि सोन नदी में भी जलस्तर बढ़ रहा है. रविवार को डैम के गेट खुलने के कारण 6 लोग फंस गए थे, जिनका प्रशासन की सतर्कता से तुरंत ही रेस्क्यू कर लिया गया.

भारी बारिश के बीच कलेक्टर की अपील
जिले में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने नागरिकों से सतर्क रहने और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है. उन्होंने कहा है कि बारिश के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो सकती है, नागरिक जल भराव वाले स्थानों की जानकारी रखें और नदी-नाले और पुलिया सहित निचले क्षेत्रों से उचित दूरी बनाकर रखें.

लगातार रेडियल गेट से जल प्रवाह
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने बताया, "जिले के देवलोद में स्थित बाणसागर बांध में जल भराव की स्थिति एवं जलाशय की क्षमता को ध्यान में रखते हुए लगातार रेडियल गेट खोलकर जल प्रवाह किया जा रहा है. बाणसागर बांध के तटीय क्षेत्र में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है."
- सबसे शुद्ध जल कौन सा! जैन समाज साल भर पीता है बारिश की बूंदे, घरों में छिपा अमृत कुंड का राज
- शहडोल में झमाझम बारिश से उफान पर सोन नदी , बाणसागर डैम के 6 गेट खुले, कई गांवों से संपर्क टूटा
शहडोल में 30 अगस्त 2026 को औसतन 20.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. वर्षामापी केंद्रवार दर्ज वर्षा के अनुसार, ब्यौहारी में 13 मिलीमीटर, जयसिंहनगर में 16 मिलीमीटर, गोहपारू में 16 मिलीमीटर, सोहागपुर में 5 मिलीमीटर, बुढार में 21 मिलीमीटर, जैतपुर में 50 मिलीमीटर तथा चनौढ़ी में 23 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. इस तरह से 30 अगस्त तक जिले में टोटल 967 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. वहीं, 30 अगस्त 2025 तक जिले में 900.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी.

