मिस्ट्री बना शहडोल का गर्ल्स हॉस्टल, अचानक गायब हो रहीं लड़कियां, हॉस्टल सुपरिटेंडेंट निलंबित
गर्ल्स हॉस्टल से कहां लापता हो रही हैं छात्राएं किसी को कोई खबर नहीं, प्रिंसिपल ने दर्ज कराई एफआईआर, जिले के बाहर भी खोज

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 10, 2026 at 8:47 AM IST
शहडोल : गर्ल्स हॉस्टल से अचानक लड़कियों के गायब होने का सनसनी खेज मामला शहडोल के कंचनपुर से सामने आया है, जिसमें एक के बाद एक छात्राओं के लापता होने से कई सवाल खड़े होने लगे हैं. फिलहाल दो छात्राओं के गायब होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है, किसी को भी ये नहीं पता कि आखिर ये छात्राएं कहां गायब हो गई हैं. पुलिस छात्राओं की तलाश भी कर रही है, तो वहीं हॉस्टल सुपरिटेंडेंट को निलंबित भी कर दिया गया है.
मिस्ट्री बना शहडोल का ये गर्ल्स हॉस्टल
मामला शहडोल के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर कंचनपुर का है, ये गर्ल्स हॉस्टल इन दिनों मिस्ट्री बना हुआ है. 28 दिसंबर को कक्षा 12वीं की एक स्टूडेंट हॉस्टल से अपनी मां के साथ घर जाने की बात कह कर निकली थी, लेकिन वो अपने घर नहीं पहुंची और लापता हो गई. इस मामले में तत्कालीन अधीक्षिका सुलोचना बट्टे ने सोहागपुर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है, पुलिस अभी इस मामले की पड़ताल ही कर रही थी की हॉस्टल से दूसरी छात्रा के लापता होने से हड़कंप मच गया.

8 जनवरी को एक और स्टूडेंट गायब
28 दिसंबर को गायब हुई लड़की की पुलिस खोजबीन कर रही थी, इसी बीच 8 जनवरी को कक्षा दसवीं की एक छात्रा गायब हो गई. छात्रा अपने नाना और दो अन्य छात्राओं के साथ हॉस्टल पहुंची थी, उसकी दोनों सहेलियां तो हॉस्टल के अंदर चली गई, लेकिन छात्रा अपनी बहन को बाहर छोड़ने की बात कह कर मुंह में कपड़ा बांधकर बाहर आ गई और फिर हॉस्टल के अंदर वापस नहीं लौटी. जब रोल कॉल के दौरान छात्रा की अनुपस्थिति सामने आई तब हॉस्टल प्रबंधन को होश उड़ गए.

प्रिंसिपल ने दर्ज कराई एफआईआर
अचानक एक के बाद एक छात्राओं के गायब होने से माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में सनसनी फैल गई है. वहीं, दूसरी छात्रा के गायब होने के बाद भी प्रिंसिपल देवेंद्र श्रीवास्तव ने मामले की शिकायत सोहागपुर थाने में की. पुलिस ने इस मामले में भी अज्ञात के खिलाफ अपहरण का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

चर्चा का विषय बना शहडोल का ये गर्ल्स हॉस्टल
एक के बाद एक छात्राओं के लापता होने और उनका कोई भी पता नहीं चलने से शहडोल का ये गर्ल्स हॉस्टल चर्चा का विषय बन गया है. अभिभावक जहां बेटियों के गायब होने से बुरी तरह परेशान हैं, तो वहीं दूसरी ओर जिले में इस गर्ल्स हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं.
हॉस्टल सुपरिटेंडेंट को किया गया निलंबित
गर्ल्स हॉस्टल में लगाता हो रही ऐसी घटनाओं और पहली घटना के बाद भी लापरवाही बरतने पर शिक्षा विभाग ने सुपरिटेंडेंट सुलोचना बट्टे को निलंबित कर दिया है. हैरानी की बात ये रही कि उनके स्थान पर चंद्रकला को हॉस्टल सुपरिटेंडेंट बनाया गया था लेकिन उन्होंने भी ज्वाइनिंग आदेश का पालन नहीं किया तो उन्हें भी निलंबित कर दिया गया है. अब ममता सिंह को नई अधीक्षिका के तौर पर नियुक्त किया गया है.
यह भी पढ़ें-
- मध्य प्रदेश में टॉर्चर वाली ठंड से बच्चों और बुजुर्गों को बड़ा खतरा, डॉक्टर ने बताए बचाव के तरीके
- बांधवगढ़ से टाइगर फरार, वन विभाग में हड़कंप, चप्पे-चप्पे में खोज रही टीमें
- MSP को लेकर बड़ा अपडेट, 13 जनवरी के पहले नहीं किया ये काम तो हो सकता है बड़ा नुकसान
हॉस्टल से गायब हुई लड़कियों की तलाश जारी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्यविभाग आनंद राय सिन्हा ने कहा, '' दोनों मामले में थाने में शिकायत दर्ज कर दी गई है. मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है और लड़कियों को खोजा जा रहा है.'' वहीं, शहडोल DSP राघवेंद्र द्विवेदी ने कहा, '' हॉस्टल से दो छात्राओं के लापता होने की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है, जल्द ही छात्राओं की तलाश कर ली जाएगी.''

