ETV Bharat / state

धूल धक्कड़ से खिलाड़ी मुक्त, मोहन सरकार ने मिनी ब्राजील में फुटबॉल स्टेडियम के लिए खोला खजाना

शहडोल के मिनी ब्राजील विचारपुर गांव में बनेगा फुटबॉल स्टेडियम, मिलेंगी कई सुविधाएं, 5 करोड़ 10 लाख रुपए की स्वीकृति.

SHAHDOL FOOTBALL STADIUM
मिनी ब्राजील में बनेगा फुटबॉल स्टेडियम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 20, 2026 at 12:27 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शहडोल: शहडोल जिले के मिनी ब्राजील को एक बार फिर से नई सौगात मिली है. जिले का विचारपुर गांव जिसे मिनी ब्राजील के नाम से जाना जाता है, वहां एक सर्व सुविधायुक्त फुटबॉल स्टेडियम बनने जा रहा है. इसके लिए मध्य प्रदेश शासन ने वित्तीय राशि भी स्वीकृत कर दी है.

मिनी ब्राजील को मिली सौगात

शहडोल जिले के विचारपुर गांव की पहचान मिनी ब्राजील के नाम से होने लगी है और अब इस गांव को एक नई सौगात मिलने जा रहा है, क्योंकि शहडोल जिले के विचारपुर गांव में खेलो इंडिया स्माल फुटबॉल सेंटर के लिए फुटबॉल ग्राउंड, बाउंड्री वॉल, चेंजिंग रूम, ऑफिशल रूम एवं पवेलियन निर्माण के लिए मध्य प्रदेश शासन की ओर से 5 करोड़ 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर दी गई है.

football stadium Vicharpur village
शहडोल जिले विचारपुर गांव में बनेगा फुटबॉल स्टेडियम (ETV Bharat)

खिलाड़ियों में खुशी की लहर

फुटबॉल स्टेडियम के लिए राशि स्वीकृत हो जाने की खबर सुनते ही विचारपुर गांव के खिलाड़ियों में खुशी की लहर है. विचारपुर के फुटबॉल कोच अनिल सिंह कहते हैं कि "ये इस गांव और यहां के खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ा अचीवमेंट है, स्टेडियम बन जाने से यहां के फुटबॉल को पंख लग जाएंगे और यहां के खिलाड़ी बड़े लेवल पर बड़ा कमाल कर सकेंगे."

इसके अलावा पूर्व खिलाड़ी और कोच सीताराम सहीस, कोच यशोदा सिंह सभी का कहना है कि "जो खिलाड़ी अभी धूल भरे मैदान में फुटबॉल खेलने को मजबूर थे, अब उन्हें सर्व सुविधायुक्त फुटबॉल ग्राउंड मिलेगा. स्टेडियम मिलेगा और सुविधा मिलेगी तो यह नन्हे खिलाड़ी फुटबॉल में और बड़ा कमाल करेंगे, साथ ही विचारपुर गांव को भी एक नई पहचान मिलेगी."

SHAHDOL 5 CRORE 10 LAKH RUPEES SANCTIONED
धूल भरे ग्राउंड से खिलाड़ियों को मिलेगी मुक्ति (ETV Bharat)

ये भी पढ़ें:

इस गांव की फुटबॉल से है पहचान

शहडोल जिला मुख्यालय से लगा हुआ है विचारपुर गांव और इस गांव की पहचान मिनी ब्राजील के तौर पर होती है, क्योंकि इस गांव में हर दूसरे घर में आपको फुटबॉल के नेशनल खिलाड़ी मिल जाएंगे. लड़के लड़कियां सभी यहां फुटबॉल खेलते हैं. यहां कई ऐसे लड़के लड़कियां फुटबॉल प्लेयर हैं, जो 10-12 से भी ज्यादा नेशनल खेल चुके हैं.

MINI BRAZIL MOHAN GOVT SANCTIONED GRANT
मिनी ब्राजील विचारपुर को फुटबॉल स्टेडियम की सौगात (ETV Bharat)

इतना ही नहीं यहां 3 से 4 साल के बच्चे भी फुटबॉल खेलते नजर आते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस गांव के फुटबॉल खिलाड़ियों के फुटबॉल प्रेम को देखकर प्रभावित हुए और मन की बात में कई बार इस गांव की चर्चा कर चुके हैं. वो मिनी ब्राजील के नाम से इस गांव को संबोधित भी कर चुके हैं. जर्मनी के फुटबॉल कोच, कंबोडिया के फुटबॉल कोच भी मिनी ब्राजील विचारपुर में यहां के खिलाड़ियों से मिलने आ चुके हैं. यहां के कुछ खिलाड़ी तो जर्मनी तक भी जा चुके हैं.