शहडोल में साड़ी गोदाम में रात में भीषण आग, पड़ोस के रहवासी घर छोड़कर भागे
शहडोल के धनपुरी में सोमवार रात आग से साड़ी का गोदाम जलकर राख. दमकल ने एक घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : June 2, 2026 at 2:10 PM IST
शहडोल : शहडोल के धनपुरी थाना क्षेत्र में सोमवार रात आग की बड़ी घटना हुई. साड़ी गोदाम में आग लगने से आसपास दहशत और अफरातफरी फैल गई. आग इतनी तेजी से फैली के गोदाम में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया है. भयंकर आग की लपटों की वजह से पड़ोस के मकानों से लोग बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे.
अचानक उठी आग की लपटें
आग की घटना धनपुरी में माइकल चौक की है. माइकल चौक के पास मोहम्मद अरशद के साड़ी गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठनी शुरू हुईं. धुआं व लपटें देखकर लोगों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आसपास के लोग सतर्क हो गए और वहां भीड़ भी जमा हो गई. देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपने चपेट में ले लिया. लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग भयंकर थी. लोग उसे बुझा नहीं पा रहे थे.
शॉर्ट सर्किट की आशंका नहीं
गोदाम मालिक मोहम्मद अरशद का कहना है "हाल ही में नई दुकान का निर्माण कराया था, दुकान में बेचने के लिए बड़ी मात्रा में साड़ियों का स्टॉक था. 90 से 100 बंडल तक साड़ियां गोदाम में रखी थीं, जो जलकर खाक हो गई हैं. दुकान में अभी बिजली फिटिंग का कार्य चल था था, पूरा भी नहीं हुआ था, और न ही किसी तरह की बिजली सप्लाई चालू थी. ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका नहीं है. उन्हें इस घटना के पीछे किसी साजिश लगती है. इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए."
- भोपाल के रचना टावर बिल्डिंग की पार्किंग में लगी आग, कई लग्जरी कारें जलकर खाक
- शिवपुरी में चलते ट्रक में अचानक होने लगा ब्लास्ट, इलाके में फैल गई दहशत
दमकल ने एक घंटे में पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही धनपुरी थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. तब तक दुकान में रखा पूरा सामान जल चुका था. आग की तीव्रता के कारण नवनिर्मित भवन की छत भी प्रभावित हुई है और उसमें दरारें आ गईं. पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है.

