ETV Bharat / state

दिल्ली के शाहदरा में दर्दनाक हादसा, जर्जर छज्जे की ईंट गिरने से कारीगर की मौत; मकान मालिक फरार

मकान मालिक की लापरवाही ने ली मासूम कारीगर की जान, फरार मकान मालिक की तलाश में जुटी पुलिस.

जर्जर छज्जे की ईंट गिरने से कारीगर की मौत
जर्जर छज्जे की ईंट गिरने से कारीगर की मौत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : July 5, 2026 at 10:48 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान के छज्जे से गिरी ईंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय कढ़ाई कारीगर की मौत हो गई. हादसे के बाद मकान मालिक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. साथ ही मकान मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया रविवार दोपहर करीब 1:37 बजे डॉ. हेडगेवार अस्पताल से एमएलसी की सूचना मिली. अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को यहां लाया गया था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

दिल्ली के शाहदरा में दर्दनाक हादसा (ETV Bharat)

जांच में सामने आया कि हादसा दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच कृष्णा नगर के कांति नगर मेन रोड पर हुआ. बिहार के नवादा जिले के रहने वाले 35 वर्षीय संदीप सड़क से गुजर रहे थे, तभी एक मकान के लेंटर के जर्जर छज्जे से अचानक ईंट टूटकर उनके सिर पर आ गिरी. गंभीर चोट लगने के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर मकान मालिक शुभम मित्तल के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी हादसे के बाद से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.

वहीं, मृतक के भाई मनोज ने बताया कि संदीप पिछले दस साल से अधिक समय से दिल्ली में रहकर लेडीज सूट पर एम्ब्रॉयडरी का काम कर रहे थे. वह पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर थे. परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. उनकी कमाई से ही परिवार का गुजारा चलता था. फिलहाल, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि भवन पहले से जर्जर था या नहीं.

ये भी पढ़ें:

  1. दिल्ली के नया रूप नगर में नाले पर बना फुटओवर ब्रिज टूटा, महिला की दर्दनाक मौत; जर्जर हालत में था पुल
  2. शाहबाद डेयरी की स्कूल 5 साल में खंडहर बनी!, स्वाति मालीवाल और मंत्री आशीष सूद ने किया अलग-अलग निरीक्षण