ETV Bharat / state

महिला का सिर धड़ से अलग तो युवक का गला रेता, दो सनसनीखेज वारदात से दहला बांका

बांका में एक महिला का कटा हुआ सिर मिलने से सनसनी फैल गई. वहीं एक युवक की तलवार से गला काट दिया गया. पढ़ें..

Banka Murder
बांका में दिल दहला देने वाली वारदात (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : June 29, 2026 at 1:52 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

बांका: बिहार के बांका में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक तरफ जहां एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ है, वहीं दूसरी तरफ शौच के लिए गए युवक की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई. पहली घटना जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र की है, जबकि दूसरी घटना बेलहर थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने दोनों मामलों में तफ्तीश शुरू कर दी है.

महिला का कटा हुआ सिर बरामद: जिले के बेलहर प्रखंड अंतर्गत जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के डुमरहार गांव के पूर्व स्थित जोर (छोटी नदी) से पुलिस ने एक महिला का कटा हुआ सिर और कुछ दूरी पर एक बोरे में बंद खून से लथपथ कपड़े बरामद किए है. महिला का धड़ बरामद नहीं हो सका है, उसकी तलाश जारी है.

Banka Murder
महिला का कटा हुआ सिर बरामद (ETV Bharat)

ससुराल वालों पर हत्या का आरोप: मृतक महिला की पहचान रांगा गांव निवासी नेफरू पंडित के पुत्र विकास पंडित की 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है. मृतक के पिता मटिहानी गांव निवासी सुखदेव पंडित और भाई मंटू पंडित ने उसकी पहचान की. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गला काटकर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है.

"रविवार सुबह ही मैंने बेटी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद जिलेबियामोड़ थाना में आवेदन देकर ससुराल वालों पर बेटी को गायब करने का आरोप लगाया था. शाम में सूचना मिली कि डुमरहार गांव के पास जोर किनारे एक महिला का सिर बरामद हुआ है. मौके पर पहुंचने पर देखा कि मेरी बेटी का ही कटा हुआ सिर है."- सुखदेव पंडित, मृतक महिला के पिता

पति समेत कई लोग हिरासत में: पुलिस ने मामले में मृतका के पति विकास पंडित, सास विमला देवी और एक नाबालिग ननद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं. थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

"एक महिला का कटा हुआ सिर और खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं लेकिन धड़ अभी तक नहीं मिला है. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. तकनीकी जांच के लिए एसएफएल टीम तथा शव के धड़ की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड को बुलाया जा रहा है."- राजू कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष

तलवार से गला काटा: उधर, बेलहर थाना क्षेत्र के तरैया गांव में रविवार की शाम शौच के लिए गए एक युवक की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान अजीत कुमार यादव (30 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

विकास यादव पर हत्या का आरोप: जानकारी के अनुसार अजीत कुमार यादव घर से कुछ दूरी पर स्थित स्कूल के पास शौच के लिए गए थे. इसी दौरान स्कूल के पीछे झोपड़ी में रहने वाले गांव के विकास यादव ने उन पर तलवार से हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने सीधे गले पर वार किया, जिससे अजीत गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.

"विकास यादव अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह पहले भी हथियार के साथ गिरफ्तार हो चुका है और कई बार जेल जा चुका है. उसी ने मेरे बेटे की जान ली है."- राजकुमार यादव, मृतक के पिता

मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस: वहीं, चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलहर ले गए. वहां डॉ. जिम्मी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सक के अनुसार गले पर गहरे वार और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई. सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए.

"प्रथम दृष्टया तलवार से वार कर हत्या की पुष्टि हुई है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. एक दिन पहले ही पत्नी और बच्चों को ससुराल छोड़कर लौटे थे."- दिनेश कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष, बेलहर

ये भी पढ़ें: बिहार में पहली कक्षा के बच्चे पर 20 बार धारदार हथियार से हमला, ICU में भर्ती