सिरसा में आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, पेड़ और पोल गिरने से जिले में बिजली व्यवस्था चरमराई
तेज आंधी-तूफान के दौरान जिले के कई हिस्सों में बिजली के पोल टूटने और पेड़ गिरने के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है.

Published : June 27, 2026 at 1:45 PM IST
|Updated : June 27, 2026 at 3:00 PM IST
सिरसा: जिले में शुक्रवार रात तेज आंधी-तूफान के कारण जन-जीवन का व्यापक नुकसान हुआ है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई जगहों पर बिजली के पोल टूटे हैं और कई जगहों पर तार पर पेड़ गिरने की खबर है. इस कारण जिले के ज्यादातर इलाके में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. भीषण गर्मी में रातभर बिजली आपूर्ति नहीं रहने के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं कई इलाकों में सुबह में पानी के लिए भी लोगों को जूझना पड़ा. दूसरी ओर बिजली विभाग के कर्मी आपूर्ति को सामान्य करने के लिए शनिवार सुबह से मैदान में डटे हुए हैं.
इलाके में जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांगः पूर्व सरपंच रीना बीरट ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से मांग की कि इलाके में शीध्र बिजली व्यवस्था को बहाल करने के साथ-साथ गांवों में भी बिजली की भूमिगत केबल बिछाई जाए. उन्होंने कहा कि "जोखिम वाली हाई टेंशन लाइनों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने जैसी स्थायी व्यवस्थाएं लागू की जाएं ताकि भविष्य में आंधी तूफान के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो." ग्रामीणों को निर्बाध सुरक्षित एवं विश्वसनीय बिजली आपूर्ति उपलब्ध हो सके.

भूमिगत अंडरग्राउंड केबल बिछाने की मांगः पूर्व सरपंच रीना बीरट ने बताया कि "उनके कार्यकाल के दौरान गांव में बिजली घर का निर्माण कराया गया था. उसी समय उन्होंने यह मांग भी उठाई थी कि बिजली घर से गांव तक लगभग एक किलोमीटर लंबी बिजली लाइन को भूमिगत अंडरग्राउंड केबल के माध्यम से बिछाया जाए". उनका कहना है कि "यदि उस समय यह कार्य कर दिया जाता तो बार बार बिजली बाधित होने की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती थी और आंधी तूफान जैसी परिस्थितियों में भी बिजली व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं विश्वसनीय रहती."
घरों के ऊपर से हाईटेंशन तार हटाने की मांगः रीना बीरट ने मांग की कि जिन किसानों के मकानों के ऊपर से हाई टेंशन बिजली लाइनें गुजर रही हैं. उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से हटाकर अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए अथवा कोई वैकल्पिक सुरक्षित व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि की आशंका को रोका जा सके.
हाई टेंशन लाइन हादसे को दे रहा है आमंत्रणः उन्होंने बताया कि गांव ख्योंवाली निवासी अमर सिंह सहारण की ढाणी के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के संबंध में पहले भी शिकायत दी जा चुकी है. आरोप है कि शिकायत का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामले को बंद कर दिया गया. उन्होंने मांग की कि यदि भविष्य में इस लाइन के कारण अमर सिंह या उनके परिवार के साथ कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए.
पेड़ गिरने के कारण कार क्षतिग्रस्तः आंधी और तूफान का ग्राम ख्योेंवाली खण्ड ओढां में व्यापक असर हुआ है. वहीं आंधी के दौरान पूर्व सरपंच रीना बीरट की कार पर एक भारी पेड़ की शाखा गिर गई. गनीमत रही की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. वहीं ख्योंवाली रोहिड़ांवाली मार्ग पर गांव के एक अन्य व्यक्ति की कार पर भी पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया जिससे आंधी की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

