झारखंड में पड़ रही है हाड़ कंपाने वाली सर्दी, गुमला में 3 डिग्री पहुंचा पारा, जानें किस जिले में कैसा है तापमान का हाल
झारखंड के कई जिलों के तापमान में गिरावट आई है. जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है.

Published : December 6, 2025 at 11:39 AM IST
रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. शुक्रवार 5 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तरी और उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. राज्य के पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में शीतलहर चल रही है. सूबे के 10 जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है. हालांकि दिन के वक्त अच्छी धूप निकल रही है. इससे अधिकतम तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा है. मौसम केंद्र के मुताबिक 7 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में और 2 डिग्री की कमी की संभावना है.
दस जिलों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा
आलम यह है कि गुमला जिले का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है. 6 दिसंबर को सुबह 8.30 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक यहां बर्फीला हवा चल रही है. जमा देने वाली सर्दी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक की कमी आई है.
गुमला के बाद खूंटी का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इसके अलावा डाल्टनगंज में 6.1, बोकारो में 8.5, लोहरदगा में 8.5, पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 8.5, लातेहार में 9.0, जमशेदपुर में 9.1, देवघर में 9.5, और कोडरमा में 9.6 डिग्री रहा है. वहीं, रांची का न्यूनतम पारा 10.1 डिग्री, गोड्डा का 10.4 और हजारीबाग का 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा है.
ज्यादातर जिलों के अधिकतम पारा में गिरावट
अधिकतम तापमान की बात करें तो 29.1 डिग्री सेल्सियस के साथ गोड्डा जिला टॉप पर है. इसके अलावा जमशेदपुर, डाल्टनगंज, चाईबासा, बोकारो, खूंटी, पाकुड़ और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से 27 डिग्री के बीच रहा है. इसके अलावा अन्य सभी जिलों का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. इसलिए ज्यादातर जिलों में जबरदस्त सर्दी का एहसास हो रहा है.
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 7 दिसंबर और 8 दिसंबर को सुबह के वक्त धुंध और कोहरा के बाद दिन में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. जबकि 9 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा. खास बात है कि 8 दिसंबर से सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी. इस दिन से अगले तीन दिनों तक न्यूनतम पारा में 2-3 डिग्री का इजाफा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: सावधान! गुमला में 6 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, राज्य के 11 जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी
रांची में बढ़ती ठंड के बीच जिला प्रशासन सक्रिय, शहर और प्रखंडों में अलाव की व्यापक व्यवस्था

