ETV Bharat / state

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर, अगले दो दिन शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने राज्य में तापमान में गिरावट की संभावना जाहिर की है. अगले 48 घंटे तक कोल्ड-वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

Meteorological Centre, Jaipur
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (ETV Bharat File Photo)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 26, 2025 at 2:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान में दिसंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी का असर साफ दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में दिन और रात के तापमान में लगातार बदलाव दर्ज किया गया है. कई जिलों में रातें ठंडी बनी हुई हैं, वहीं दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली है. मौसम विभाग ने 26-27 दिसंबर को शीतलहर की चेतावनी जारी की है.

न्यूनतम और अधिकतम तापमान: पूर्वी राजस्थान में अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान करौली में 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं पश्चिमी राजस्थान में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान पाली में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सीकर, कोटा, अजमेर, भीलवाड़ा और अलवर जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. जयपुर में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा पिलानी, चूरू और श्रीगंगानगर में रात का तापमान कम रहने से ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया.

पढ़ें: सर्दी का सितम : कई जगहों पर दिन में भी छाया घना कोहरा, अलाव तापते नजर आए लोग

दो दिन शीतलहर की चेतावनी: प्रदेश में 26-27 दिसंबर तक शीतलहर का असर बना रहने की संभावना है. इसे देखते हुए पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, धौलपुर, झुंझुनू, सीकर, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़ और पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, नागौर, डीडवाना-कुचामन आदि जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया पहाड़ी इलाकों में विक्षोभ का असर खत्म होने से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में सक्रिय हो गई है. जिसके कारण अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा, जबकि अगले 48 घंटे तक कोल्ड-वेव चलने का अलर्ट जारी किया गया है.

पढ़ें: राजस्थान में सर्दी का सितम जारी, कई जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी @ 20 मीटर

प्रदेश भर में सर्दी का असर: मौसम विभाग के मुताबिक जयपुर संभाग में शीतलहर का असर फिलहाल बना रहेगा. राज्य में आगामी 2 दिनों में न्यूनतम तापमानों में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है. इसके बाद यह सामान्य के करीब रह सकता है. फिलहाल रात के तापमान में कुछ स्थानों पर और गिरावट आ सकती है, जिससे सर्दी और तेज महसूस होगी. खासकर उत्तरी और पश्चिमी राजस्थान में सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है. विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी में आज तापमान 9 से 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि कोटा संभाग में कहीं-कहीं कोहरा दर्ज हो सकता है. साथ ही शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान में पाले की आशंका से फसलों को नुकसान का खतरा है.