सिरमौर मेले में रस्सा कस्सी के दौरान रस्सी टूटने से 15 महिलाएं घायल, एक बच्ची गंभीर हालत में IGMC रेफर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक स्थानीय मेले में बड़ा हादसा हुआ है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : December 29, 2025 at 2:25 PM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रस्सा-कस्सी के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हादसे में करीब 15 महिलाएं घायल हो गईं. आनन फानन में महिलाओं को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. इस हादसे में घायल एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है.
रस्साकस्सी के दौरान रस्सी टूटने से बड़ा हादसा
घायलों के परिजनों ने बताया कि, रविवार (28 दिसंबर) देर शाम राजगढ़ क्षेत्र के लेयुनाणा में एक स्थानीय मेले में प्रतियोगिता के दौरान अचानक रस्सी टूट जाने से रस्सा कस्सी में भाग ले रहीं महिलाएं संतुलन खो बैठीं और लगभग 10 से 12 फीट ऊंचे डंगे से नीचे गिर गईं. इस हादसे में करीब 15 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनमें से अधिकांश महिलाओं को पैर, गर्दन और सिर में चोटें आई हैं. हादसे में एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है.

15 महिलाएं घायल, एक बच्ची की हालत गंभीर
इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के चिकित्सा अधीक्षक (Medical Superintendent) डॉ. राकेश पंवर ने बताया कि, "रविवार रात अस्पताल में कुछ महिलाओं को गंभीर हालत में लाया गया था. जांच में सामने आया कि रस्सा कस्सी प्रतियोगिता के दौरान रस्सी टूटने के कारण महिलाएं करीब 10 से 12 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. एक बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे IGMC शिमला रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है."
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में घायलों का चल रहा इलाज
वहीं, घायल महिलाओं और उनके परिजनों ने बताया कि, सिरमौर के नारग क्षेत्र में एक स्थानीय मेले में रस्सा कस्सी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए वे गई हुई थीं. इस दौरान अचानक रस्साकस्सी प्रतियोगिता में भाग ले रहीं महिलाएं रस्सी टूटने की वजह से हादसे का शिकार हो गईं. घटना में किसी को हाथ में, किसी को सिर में, किसी को गर्दन में तो किसी को टांग में गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सभी घायलों का इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें: चिट्टे के खिलाफ रात को पहरा देने वाली महिलाओं पर क्यों हुई FIR, बीजेपी ने कर ली धरने की तैयार
ये भी पढ़ें: कुल्लू पैराग्लाइडिंग हादसा: हार्नेस खुलने से आसमान से गिरा सैलानी, गंभीर हालत में PGI रेफर

