बूढापहाड़ के इलाके में भारी बारिश के बाद कई गांव का कनेक्शन टूटा, 700 परिवारों पर खतरा मंडराया
बूढ़ापहाड़ के आसपास और मंडल डैम के डूब क्षेत्र में कई गांव का संपर्क टूट गया है. नीरज कुमार की रिपोर्ट.

Published : September 1, 2026 at 9:00 PM IST
पलामूः लगातार बारिश और नदियों में उफान के कारण गढ़वा में बूढ़ापहाड़ से सटे हुए इलाके और मंडल डैम के डूब क्षेत्र में आने वाले कई गांव का कनेक्शन टूट गया है. दरअसल, उत्तरी कोयल नदी पूरी तरह से उफान पर है. जिस कारण कई गांव में नदी का पानी प्रवेश कर गया है और उनका कनेक्शन टूट गया है.
मंडल डैम के डूब क्षेत्र में करीब 780 परिवार रहते हैं. इन परिवारों पर खतरा मंडराने लगा है. फिलहाल 36 परिवारों को बाहर निकल गया है और उन्हें डूब क्षेत्र से बाहर मतगड़ी के इलाके में शिफ्ट किया गया है. 36 परिवार भजना और खुरा गांव के रहने वाले हैं.
दरअसल, निर्माणाधीन मंडल डैम का स्ट्रक्चर तैयार है, लेकिन उसमें गेट नहीं लगा है. गेट के पास गाद जमा होने और लकड़ी जमा होने के कारण नदी का पानी गांव तक पहुंचा है. कई परिवार पहाड़ पर शरण लिए हुए हैं. शहीद नीलांबर-पीतांबर का गांव चेमो सान्या को लेकर भी हाई अलर्ट जारी किया गया है. ग्रामीण से दूसरी जगह शिफ्ट होने की अपील की गई है. डूब क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करीब चार से पांच गांव का पूरी तरह से कनेक्शन टूट गया है.

इधर, नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद पलामू टाइगर रिजर्व की ओर से राहत व बचाव का कार्य शुरू किया है. पलामू टाइगर रिजर्व की तरफ से 36 परिवारों को राशन व किट उपलब्ध करवाया गया है. वहीं पहाड़ की चोटी पर रहने वाले लोगों को टेंट उपलब्ध करवाया गया है. जिन गांव का कनेक्शन टूट गया है वहां राहत की सामग्री और बचाव कार्य चलाना बेहद ही मुश्किल हो गया है. कनेक्शन टूटने वाले सभी गांव के अगल-बगल कोयल नदी की सहायक नदियां हैं और सभी उफान पर हैं.

पलामू टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक प्रजेशकांत जेना ने बताया कि कई गांव का कनेक्शन टूट गया है. इलाके में राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया है. फिलहाल 36 परिवारों को शिफ्ट किया गया है और उनको राशन मुहैया कराया गया है. जलस्तर बढ़ने के कारण राहत व बचाव कार्य में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें-
रांची में भारी बारिश का असर, कांके डैम का फाटक फिर खोला गया, निचले इलाकों को किया गया अलर्ट
पलामू में सोन नदी खतरे के निशान से ऊपर, हाई अलर्ट जारी, छोड़ा गया दो लाख क्यूसेक पानी

