जमुई मालगाड़ी हादसे से जसीडीह हावड़ा पटना मेन लाइन परिचालन प्रभावित, कई ट्रेनें कैंसिल तो कई को किया गया डाइवर्ट
जमुई में मालगाड़ी डिरेल होने से देवघर के जसीडीह से गुजरने वाली ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ.

Published : December 28, 2025 at 6:00 PM IST
देवघर: जसीडीह-हावड़ा मेन लाइन पर तेलवा हाल्ट के पास शनिवार की देर रात एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा रेल हादसा हो गया. घटना के बाद जसीडीह से आसनसोल, पटना और हावड़ा जाने वाली दर्जनों ट्रेन का परिचालन बाधित हो चुका है.
आसनसोल डिवीजन के जन संपर्क अधिकारी विप्लव बावरी से मिली जानकारी के अनुसार 28 दिसंबर को चलने वाली सियालदह-बलिया एक्सप्रेस, हावड़ा-एक्सप्रेस, जसीडीह-मोकामा मेमू, किऊल-जसीडीह मेमू, देवघर-झाझा मेमू, झाझा-देवघर मेमू, मोकामा-जसीडीह मेमू, झाझा-जसीडीह मेमू, जसीडीह-बैजनाथ धाम मेमू, झाझा-पटना मेमू, जसीडीह-किऊल मेमू कैंसिल कर दी गई है.
देरी से चल रही हैं ट्रेन
इसके साथ ही जसीडीह से चलने वाली टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस करीब दो घंटा लेट, हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस करीब चार घंटा लेट, हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, कोलकाता-गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस, जसीडीह-पुणे साप्ताहिक एक्सप्रेस, रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस करीब पांच घंटे लेट, पटना-धनबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, बलिया-सियालदह एक्सप्रेस, पटना-हटिया पाटलिपुत्र एक्सप्रेस करीब तीन घंटा लेट, काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस करीब पांच घंटा लेट, बक्सर-बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, रक्सौल-हावड़ा एक्सप्रेस, गोरखपुर-आसनसोल एक्सप्रेस करीब छह घंटा लेट चल रही है. बनारस-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस को रिशेड्यूल किया गया.
घटना के बाद जिन ट्रेनों को को रीशेड्यूल कर दूसरे रूट लाइन से परिचालन किया जा रहा है, वो सभी गाड़ियां अपनी नियमित समय से काफी लेट चल रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद हावड़ा पटना मेन लाइन का निरीक्षण करते हुए आसनसोल डिवीजन की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव भी जसीडीह स्टेशन पहुंचीं और पूरी स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए हैं.
सोमवार से नियमित होंगी गाड़ियां
वहीं जो ट्रेन कैंसिल की गई है, उन ट्रेनों को सोमवार से पुनः परिचालित किया जाएगा और जो ट्रेन डाइवर्ट हुई है, वो भी सही रूट लाइन से परिचालित होने लगेगी. बता दें कि देवघर एक ऐसा जिला है, जो बिहार के कई जिलों की सीमा है. खासकर जमुई, लखीसराय, मुंगेर, बांका और भागलपुर जिला इसके करीब है. इसीलिए कई ट्रेनों का परिचालन इन जिलों से होते हुए किया जा रहा है.
वहीं जो लोग जसीडीह से आसनसोल, हुगली, कोलकाता, लुधियाना, पंजाब जाने के लिए स्टेशन पर पहुंचे थे. उन्हें रूट डाइवर्ट होने की वजह से वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजाम करना पड़ा. कई लोग महत्वपूर्ण कार्य से जा रहे थे, उन्हें ट्रेन नहीं मिलने से कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा. वहीं जसीडीह स्टेशन के स्टेशन मास्टर शैलेश शंकर ने बताया कि स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को लेकर माइकिंग के माध्यम से हर ट्रेन की जानकारी दी जा रही है. ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य पर पहुंचने के लिए दिक्कतों का सामना ना करना पड़े.
ये भी पढ़ें: धनबाद से भोपाल के लिए नई ट्रेन, पलामू को मिलेगा फायदा
साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सीडेंट का मॉक ड्रिल, ट्रेन के दो कोच डिरेल कर किया गया रेस्क्यू
दुमका में रेल हादसा, बेपटरी हुई रामपुरहाट-जसीडीह पैसेंजर ट्रेन की दो बोगी

