हरियाणा में अब इन महिलाओं को भी सरकार देगी 2100 रुपए, 3 जगहों को मिला नगरपालिका का दर्जा, कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों की बल्ले-बल्ले
नए साल 2026 के पहले दिन हुई हरियाणा कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं.

Published : January 1, 2026 at 3:50 PM IST
|Updated : January 1, 2026 at 6:15 PM IST
चंडीगढ़ : हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने नए साल 2026 के पहले दिन ही बाकी कैबिनेट मंत्रियों के साथ इस साल की फर्स्ट कैबिनेट बैठक की और कई बड़े फैसले लिए हैं जिसकी जानकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस करके दी है.
हरियाणा कैबिनेट की बैठक : हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि "सबको 2026 के आगमन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. हरियाणा प्रदेशवासियों को नए साल की बधाई, सबके लिए ये साल सुख, समृद्धि और खुशहाली लाए. नायब सिंह सैनी ने कहा कि छह एजेंडे कैबिनेट में आए थे, सभी मंजूर कर लिए गए हैं.
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार : हरियाणा में महिलाओं के लिए शुरू की गई दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार किया गया, नई श्रेणियां जोड़ी गई है. वर्तमान में जिन परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है, उन परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपए का लाभ दिया जा रहा है. 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से ज्यादा नंबर लेकर आने वाले बच्चों की माताओं को भी दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा. कुपोषण और एनीमिया से ग्रसित बच्चों को जिन माताओं ने बाहर निकाला है, उन्हें भी लाडो लक्ष्मी योजना के 2100 रुपए का लाभ मिलेगा. वर्तमान में जो 2100 रुपए की राशि बहन बेटियों के खातों में जा रही हैं उसमें से 1100 रुपए सीधे महिलाओं को मिलेंगे और 1000 रुपए सरकार रिकरिंग डिपॉजिट या फिक्स्ड डिपॉजिट करवाएगी. लाभार्थी की असामयिक मृत्यु पर डिपॉजिट राशि नॉमिनी को तुरंत जारी की जाएगी. अब तक 10 लाख 255 महिलाओं ने योजना के लिए आवेदन किया, जिसमें में 8 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिल रहा है. आज जो दो कैटिगरी दिन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में जोड़ी गई हैं उसके तहत एक लाख दो हजार से ज्यादा महिलाओं को लाभ मिलेगा.
तीन जगहों को नगरपालिका का दर्जा : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि कुंजपुरा (करनाल), मतलौडा ( पानीपत) और शहजादपुर (अंबाला) को नगरपालिका को दर्जा दिया गया है.
पंचकूला में गौशाला बनेगी : हमारी सरकार गौ रक्षा और गौ संरक्षण के दिशा में लगातार काम कर रही है. सामाजिक संस्थाओं को प्रदेश में गौशालाएं स्थापित करने के लिए रियायती दरों पर जमीन उपलब्ध करवाई जा रही है. पंचकूला में गौशाला स्थापित की जाएगी, बरवाला ब्लॉक के तहत रत्तेवाली गांव पंचायत की जमीन पर गौशाला स्थापित होगी. कामधेनु गौ सेवा समिति को गौशाला स्थापित करने के लिए 20 साल की अवधि के लिए पट्टे पर देने को मंजूरी प्रदान की गई है.
ड्राइवरों को पुरानी पेंशन का लाभ : बैठक में राज्य परिवहन विभाग के कर्मचारियों के हित में भी फैसला लिया गया है. वर्ष 2002 में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त 347 ड्राइवर को क्वालीफाइंग सर्विस और पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने का फैसला लिया गया है. ड्राइवरों को उनकी शुरुआती नियुक्ति की तारीख से रेगुलर माना जाएगा. शुरुआती नियुक्ति की तारीख से सेवा की गणना करके एसीपी, पुरानी पेंशन योजना और पारिवारिक पेंशन योजना 1964 का लाभ प्रदान करने, जनरल प्रोविडेंट फंड खाता खोलने जैसे विभिन्न लाभ दिए जाएंगे. ये सभी लाभ 31 अगस्त 2024 तक सैद्धांतिक रूप से दिए जाएंगे. वास्तविक वित्तीय लाभ 1 सितंबर 2024 से या सरकार द्वारा तय की गई किसी अन्य कट ऑफ तारीख से मिलेंगे.
संदीप लाठर की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी : वहीं रोहतक में सुसाइड करने वाले एएसआई संदीप लाठर की धर्मपत्नी को सरकारी नियुक्ति देने का फैसला किया गया है. उन्हें उनकी पात्रता के मुताबिक कैंपस स्कूल महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में PGT गणित ग्रुप बी के पद पर सरकारी नौकरी दी जाएगी.
कच्ची कॉलोनी में रजिस्ट्रियों पर प्रतिबंध : प्रदेश सरकार रजिस्ट्री में पारदर्शिता के लिए लगातार कोशिशें कर रही है. कच्ची कॉलोनी में रजिस्ट्रियों पर पूर्ण प्रतिबंध है. ऐसी कॉलोनियों में लैंड एक्सचेंज कर रजिस्ट्रियां करवाने के किए कोशिशें की जा रही है. इस पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कदम उठाए हैं. अब कच्ची कॉलोनियों में भूमि रजिस्ट्री के लिए एक्सचेंज पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
54 वादे पूरे किए : उन्होंने आगे कहा कि "अभी तक दो किश्तों में सरकार लगभग 250 करोड़ की राशि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत दे चुकी है. हमने घोषणा पत्र के 217 संकल्पों में से 54 वादे एक साल में पूरे कर दिए हैं. 1 लाख 80 हजार से कम आय वाले परिवारों से 14 लाख 70 हजार महिलाओं को हम 500 रुपए में गैस सिलेंडर दे रहे हैं".
हरियाणा में बढ़ा लिंगानुपात : 2014 में हरियाणा में जब बीजेपी की सरकार आई, तब लिंगानुपात 871 था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2015 में पानीपत से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की. हरियाणा सरकार द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की दिशा में ठोस कदम उठाए गए जिसके बाद लिंगानुपात आज तक के सर्वाधिक आंकड़े 2025 में 923 तक पहुंच गया है. 2025 में कुल मिलाकर 154 PNT और गर्भपात संबंधित रेड की गई जिसके तहत 41 केमिस्ट शॉप और 395 गर्भपात केंद्र बंद करवाए गए. वर्ष 2025 में एमटीपी एक्ट के तहत 114 FIR की गई और 83 चार्जशीट कोर्ट में दायर की गई है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें - 2026 में कब है महाशिवरात्रि, होली, रक्षाबंधन, दिवाली, छठ समेत बाकी त्यौहार, देखिए ईवेंट्स का A टू Z कैलेंडर
ये भी पढ़ें - सीएम नायब सैनी ने दी नए साल की बधाई, कुरुक्षेत्र के तिरुपति वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में की पूजा
ये भी पढ़ें - नए साल पर अपनों को भेजें ये 10 बेस्ट Wishes, पढ़ते ही खिल उठेगा दिल

