ETV Bharat / state

लोहरदगा के आवासीय स्कूल में चार छात्राओं को सांप ने काटा, एक की मौत, एक रिम्स रेफर

लोहरदगा के एक निजी आवासीय विद्यालय में एक सांप ने चार छात्राओं को डस लिया, जिससे एक छात्रा की मौत हो गई.

SAMVASIRA HIGHER SECONDARY SCHOOL
कुडू थाना, लोहरदगा (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 8, 2026 at 9:08 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

लोहरदगा: जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय में सांप घुसने से बड़ा हादसा हो गया. कमरे में सो रही चार छात्राओं को सांप ने डस लिया. सभी को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर होने पर उसे रांची के रिम्स में रेफर किया गया है. घटना के बाद विद्यालय परिसर में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

छात्राओं के कमरे में घुसा करैत सांप

कुडू थाना क्षेत्र के सलगी पंचायत के रोचो महुवा टोली स्थित निजी विद्यालय संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय में कुछ छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रही थीं. भोजन के बाद सभी छात्राएं अपने कमरे में थीं. इसी दौरान एक करैत सांप कमरे में घुस गया और सबसे पहले सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नावाटोली निवासी 12 वर्षीय वर्षा उरांव को डस लिया. वर्षा के शोर मचाने पर सांप ने फुलमनिया उरांव, अनिषा उरांव और मनीषा कुमारी को भी डस लिया. छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और चारों को तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद वर्षा उरांव को मृत घोषित कर दिया.

रिम्स रांची रेफर किया गया

छात्रा फुलमनिया उरांव को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया. मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है, जबकि अनिषा उरांव का उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया.

सभी छात्राओं की उम्र 12-13 साल है. संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय का भवन अभी निर्माणाधीन है. इसी परिसर में कुछ छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रही थीं. घटना के बाद विद्यालय संचालक अनूप उरांव ने बताया कि सांप कमरे में कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी. हालांकि घटना के तुरंत बाद सभी छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया.

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मृत छात्रा के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.- अजित कुमार, कुडू थाना प्रभारी

पुलिस मामले की जांच कर रही है

इस दर्दनाक घटना ने आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर बरसात के मौसम में जहरीले सांपों के खतरे को देखते हुए छात्रावासों और विद्यालय परिसरों में नियमित निगरानी, साफ-सफाई और सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महसूस की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ये भी पढ़ेंः

लातेहार में अंधविश्वास ने ली युवक की जान, सांप ने काटा तो करवाने लगे थे झाड़ फूंक

सांपों का घर जिला जामताड़ा! आज भी यहां काफी संख्या में पाए जाते हैं सांप, ग्रामीण होते हैं इसके शिकार

सांप चूहे के खेल में फंसा चश्माधारी नाग, वन विभाग ने बचाई जान