उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति का तोहफा, 5 अपर निदेशक बने निदेशक
उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में अपर निदेशक स्तर के अधिकारियों को निदेशक पद पर प्रमोट किया गया है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : May 31, 2026 at 10:48 AM IST
देहरादून: उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण आदेश जारी हुआ है. ये आदेश प्रमोशन से जुड़ा है और इसमें 5 अपर निदेशक स्तर के अधिकारियों को निदेशक पद पर प्रमोशन दिया गया है. हालांकि प्रमोशन के बाद नहीं तैनाती को लेकर अभी आदेश नहीं हुआ है और इसके लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे. उत्तराखंड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-1 ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में कार्यरत पांच अपर निदेशकों को निदेशक पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं. इस संबंध में शासन की ओर से अधिसूचना जारी कर राज्यपाल की स्वीकृति प्रदान की गई है.
जारी आदेश के अनुसार नियमित चयन प्रक्रिया के तहत कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से संबंधित अधिकारियों को निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के पद पर पदोन्नति दी गई है. यह पद वेतन मैट्रिक्स लेवल-15 (₹1,44,200 से ₹2,18,200) के अंतर्गत है.पदोन्नत किए गए अधिकारियों में डॉ. रमेश चन्द्र पन्त, डॉ. कमलेश कुमार पाण्डे, डॉ. जगदीश चन्द्र ध्यानी, डॉ. तरुण कुमार, डॉ. खड़क सिंह दाताल का नाम शामिल हैं.शासनादेश में उल्लेख किया गया है कि डॉ. तरुण कुमार की निदेशक पद पर पदोन्नति माननीय उच्च न्यायालय, नैनीताल में लंबित रिट याचिका संख्या-202/एसबी/2025 में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी.
उनकी तैनाती से संबंधित आदेश अलग से जारी किए जाएंगे.अधिसूचना के अनुसार चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक को निर्देश दिए गए हैं कि सेवानिवृत्त होने वाले निदेशकों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पदोन्नत अधिकारियों को यथास्थान कार्यभार ग्रहण कराने संबंधी आवश्यक आदेश अपने स्तर से जारी करें. स्वास्थ्य विभाग में वरिष्ठ स्तर पर की गई इन पदोन्नतियों को विभागीय प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे विभाग में नेतृत्व स्तर पर रिक्तियों की पूर्ति होने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य विभाग में विभागीय मंत्री के तौर पर सुबोध उनियाल के जिम्मेदारी संभालने के बाद उच्च स्तर पर ये पहले प्रमोशन है, हालांकि इसके लिए काफी समय से प्रक्रिया चल रही थी और अपर निदेशकों को भी काफी समय से इस पदोन्नति का इंतजार था. नई स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव के आने के बाद इन अधिकारियों को पदोन्नति दे दी गई है. अब आने वाले दिनों में अपर निदेशक से निदेशक पद पर पदोन्नति पाने वाले इन अधिकारियों को नई तैनाती भी दी जाएगी. विभाग में मौजूद अलग अलग निदेशक पद पर बदलाव को लेकर भी काफी समय से चर्चा चल रही थी ऐसे में अब नए अधिकारी मिलने के बाद इस पर चिंतन भी शुरू कर दिया गया है.
उधर दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य मुख्यालय के पदों के अलावा जिलों के CMO, चिकित्सालय में CMS के भी तबादलों को लेकर बदलाव होने जा रहा है. राज्य के कई जिलों के सीएमओ आने वाले कुछ दिनों में बदले जाएंगे, जिसके लिए होमवर्क भी पूरा किया जा चुका है. माना जा रहा है कि राज्य में ऐसे कई सीएमओ और सीएमएस है जिनकी परफॉर्मेंस को लेकर विभागीय मंत्री खुश नहीं हैं और ऐसे अधिकारियों को बदले जाने की सूची तैयार कर ली गई है.

