करौली में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने छीन ली तीन जिंदगियां, बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट
हिण्डौन क्षेत्र में ढाबे पर खाना खाकर लौट रहे बाइक सवारों को ट्रैक्टर—ट्रॉली ने रौंद दिया. बाइक पर क्षमता से ज्यादा चार लोग सवार थे.

Published : February 23, 2026 at 3:42 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 4:58 PM IST
करौली: जिले के हिण्डौन सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां रफ्तार के कहर ने बाइक सवार पिता-पुत्र व दामाद की जान ले ली, जबकि एक नाबालिग बालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना रविवार देर रात की है. सभी मृतक और घायल होटल से खाना खाकर वापस लौट रहे थे, तभी गढ़ी पनमेड़ा श्मशान घाट के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे के वक्त बाइक पर क्षमता से अधिक चार सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है.
हिण्डौन के पुलिस उपाधीक्षक मुनेश कुमार और सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी ने बताया कि एक ही बाइक पर चार लोग सवार थे. इनमें अलीपुरा निवासी 50 वर्षीय यशवेंद्र जाटव, उनका 13 वर्षीय बेटा गौरव जाटव, यशवेंद्र के दामाद जटनगला निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र जाटव और यशवेंद्र का भतीजा मुनीम जाटव शामिल थे. ये सभी पनबेड़ा गांव के एक ढाबे से खाना खाकर अलीपुरा लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया.
पढ़ें: बूंदी में मत्स्य भगवान की शोभायात्रा में हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 15 ग्रामीण घायल
इस भीषण सड़क हादसे में यशवेंद्र, गौरव और धर्मेंद्र जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुनीम गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मुनीम का हिण्डौन जिला अस्पताल में उपचार जारी है. यशवेंद्र और धर्मेंद्र दोनों मजदूरी का काम करते थे. बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र की शादी यशवेंद्र की बेटी रचना से 29 अप्रैल 2025 को हुई थी. हिण्डौन सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को हिण्डौन जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन को मृत घोषित कर दिया.
बाइक सवारों ने नहीं पहन रखा था हेलमेट: सूचना मिलने पर डीएसपी मुनेश कुमार मीणा और सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी भी अस्पताल पहुंचे. सदर थाना प्रभारी ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है. सोमवार को तीनों शवों का गमगीन माहौल में जिला अस्पताल की मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. बताया जा रहा है कि बाइक पर क्षमता से अधिक सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

