वाराणसी नगर निगम: सरचार्ज माफी का लाभ पहुंचाएं घर-घर; जलकल अधिकारियों को चेतावनी, स्वच्छता रैंकिंग में ' टॉप-10' के लिए बनी रणनीति
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रोजेक्टर के माध्यम में पार्षदों के संग निगम के प्रस्तावित परियोजनाओं को साझा किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 24, 2026 at 10:29 AM IST
|Updated : February 24, 2026 at 6:49 PM IST
वाराणसी: मैदागिन टाउनहॉल में नगर निगम की सदन आयोजित की गई. इस दौरान कई फैसले किए गए. 31 मार्च तक शहर के 151 कुओं की सफाई पूरी कर ली जाएगी. 55 कुआं अभी तक साफ हो चुके हैं. गर्मी से पहले कुआं साफ होने से शहर को जल संकट से कुछ राहत जरूर मिलेगी.
महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित सदन की बैठक जनसमस्याओं के समाधान और विकास के रोडमैप पर केंद्रित रही. महापौर ने कहा कि कहा कि मानसून में जल भराव की समस्या को जड़ से मिटाने के लिए होली बाद शहर के सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई कराने का निर्देश दिया है.
पार्षद हनुमान प्रसाद ने गर्मी के दौरान CSR फंड से लगे वाटर कूलरों की 15 दिन में मरम्मत और नए स्थानों के चयन का प्रस्ताव रखा. साथ ही PWD और डूडा के कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए टीम बनाने की मांग की.
नगर निगम अधिनियम की धारा 91 (2) के तहत उपसभापति नरसिंह दास और पार्षद सुरेश कुमार चौरसिया ने प्रस्ताव पर 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी का लाभ 24 फरवरी से हर वार्ड में प्रचारित कराने का निर्णय लिया गया.
सुरेश चौरसिया ने मांग की है कि एकीकृत बिल से पहले के मामलों में 2023-24 से ही बिल देय हो और पीली कार्ड के नाम पर जनता को परेशान न किया जाए.
पार्षद अमर देव यादव ने 15 मार्च तक लोग नालियों के ऊपर बने अवैध चबूतरे और सीढ़ियों को हटाने का मौका देने इसके बाद ध्वस्तीकरण करने व जुर्माना लगाने का सुझाव दिया.
पार्षद प्रवीण राय ने PWD द्वारा सड़कों के निर्माण में ढंके गए सीवर चैंबरों को ऊंचा करने की मांग की. पार्षद जितेंद्र कुमार कुशवाहा ने सारनाथ के रूपनपुर में निगम की बंजर भूमि (आराजी नं. 464) और SBI बैंक के सामने की भूमि को भू-माफियाओं से मुक्त कराकर निगम के कब्जे में लेने का प्रस्ताव रखा.

पार्षद सीमा वर्मा ने विरदोपुर गिरी नगर में सार्वजनिक शौचालय निर्माण और सुदामापुर हनुमान मंदिर के पास पेयजल संकट दूर करने के लिए 'मिनी नलकूप' लगाने की मांग की.
पार्षद मदन मोहन दूबे ने पहले लगाए गए पेड़ों की स्थिति, अमृत योजना के तहत ट्रांस-वरुणा में गृह कनेक्शन की प्रगति और निगम के दस्तावेजों के डिजिटलाइजेशन पर रिपोर्ट तलब की.
वहीं उद्यान अधीक्षक द्वारा सदन को गत वर्ष लगाए गए पौधे में सूख गए पौधों की स्पष्ट जानकारी न देने पर महापौर ने नाराजगी जताई.
पार्षद सुशील गुप्ता ले स्वच्छता में 'टॉप-10' में लाने के लिए 16 वार्डों के अभियान की प्रगति और सनबीम लहरतारा/दुर्गाकुंड जैसी निगम की संपत्तियों पर कानूनी पैरवी तेज करने का मुद्दा उठाया.
पार्षद राजकपूर चौधरी ने पंचकोशी परिक्रमा मार्ग स्थित पौराणिक शिवालय (सारंग तालाब) और बजरंग व्यायामशाला की धर्मशाला की मरम्मत, सुंदरीकरण का प्रस्ताव रखा.
पार्षद राजेश यादव ने टेंडर प्रक्रिया में 10 प्रतिशत से नीचे की निविदा पर 'जस्टिफिकेशन' देने वाले नियम को हटाने पर आपत्ति जताई और इसे भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताया.
पार्षद राजेश कुमार यादव 'चल्लू' ने रविंद्रपुरी एक्सटेंशन सहित स्मार्ट सिटी के सभी अधूरे पार्कों को पूरा करने और गेल के साथ समन्वय कर गैस पाइपलाइन भी साथ-साथ बिछाने का प्रस्ताव रखा. सदन ने इसे सर्वसम्मत से स्वीकार किया.
पार्षद अशोक कुमार मौर्या ने मानसिक चिकित्सालय के पास स्थित विशाल तालाब की जांच कर उसे निगम के कब्जे में लेने और पार्वती नगर कॉलोनी में सड़क निर्माण का मुद्दा उठाया.
मदन मोहन दूबे ने अमृत योजना और निगम के डिजिटलाइजेशन पर रिपोर्ट तलब की. सुशील गुप्ता ने स्वच्छता रैंकिंग और निगम की संपत्तियों पर कानूनी पैरवी तेज करने पर जोर दिया.
कर दायरे से बाहर 1000 से अधिक फ्लैट: सदन में बहुमंजिला इमारतों के टैक्स असेसमेंट पर चर्चा के दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने बताया कि शहर में कुल 323 बहुमंजिला इमारतें हैं, जिनमें 13,997 फ्लैट हैं.
इनमें से 12,916 फ्लैट आवंटित हैं. 1,081 फ्लैट अब भी कर के दायरे से बाहर हैं. इस पर अध्यक्ष ने सख्त निर्देश दिए कि अगले वित्तीय वर्ष से पहले इन सभी 1,081 भवनों को कर के दायरे में लाकर राजस्व वृद्धि सुनिश्चित की जाए.

19000 कुत्तों का हुआ बंध्याकरण: पशु चिकित्सा विभाग बताया कि अब तक 886 पालतू कुत्तों का पंजीकरण और 19000 आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि आवारा कुत्तों के बंध्याकरण के लिए मेदांता से एमओयू हुआ है, जो नए वित्तीय वर्ष से बंध्याकरण का कार्य शुरू करेगी.
पार्षद इंद्रेश कुमार सिंह ने चौक क्षेत्र की घुघरानी गली में स्थित 'जनता कूप' (भवन संख्या CK 40/44) पर हुए अवैध कब्जे का मुद्दा उठाकर उसे तत्काल मुक्त कराने की मांग की. पार्षद श्याम आसरे मौर्य ने 55 साल पुराने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों को ऑनलाइन करने की प्रक्रिया पर जवाब मांगा.
नगर आयुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 454 के तहत यह कार्य प्रक्रियाधीन है. बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान से हुआ.
इन्हें मिली मंजूरी
- नगर निगम (निर्धारण सूची में संशोधन व परिवर्तन) मानक उपविधि- 2025
- सीएम ग्रिड्स योजना के तहत महावीर मंदिर से अर्दली बाजार मार्ग का निर्माण
- विज्ञापन नियमावली 2026
पीपीटी में दिखा काशी के विकास का मॉडल: बैठक से पहले नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रोजेक्टर के माध्यम में पार्षदों के संग निगम के प्रस्तावित परियोजनाओं को साझा किया.
इसमें नगर निगम सदन भवन, सीएम ग्रिड्स योजना से सड़कों का निर्माण, शहीद उद्यान, म्युनिसिपल बांड प्रोजेक्ट्स से डॉ. संपूर्णानंद स्टेडियम परिसर में पार्किंग, होटल और मार्केट कॉम्प्लेक्स, लहुराबीर, कबीरचौरा रोड पर मार्केट कॉम्प्लेक्स और पार्किंग, सिगरा स्थित निगम पेट्रोल पंप पर मार्केट कॉम्प्लेक्स, डोमरी में 300 बीघा में वन, जलकल परिसर में पार्क सहित अन्य परियोजनाओं के माध्यम से काशी के आधुनिक मॉडल की तस्वीर पेश की गई थी.
आरआरआर सेंटर का उद्घाटन: बैठक के बाद महापौर ने टाउनहाल परिसर में आरआरआर सेंटर का उद्घाटन किया. इस सेंटर में कोई भी पुराने कपड़े, जूता-चप्पल, किताबें गरीबों के लिए दान कर सकता है.
यह भी पढ़ें: '100 विधायक लाएं और CM बनें' वाले अखिलेश के बयान पर जानें क्या कह गए पंकज चौधरी

