अटरू में मामूली बात पर विवाद के बाद युवक पर हमला, 9 लोग गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Published : February 23, 2026 at 1:04 PM IST
|Updated : February 23, 2026 at 2:26 PM IST
बारां : जिले के अटरू कस्बे में रविवार को मामूली बात पर विवाद हो गया. आरोपियों के हमले में बीच-बचाव के दौरान दुकानदार को चोट लगी है. घटनाक्रम को लेकर लोगों में आक्रोश है. सूचना मिलने पर अटरू डीएसपी रामानंद यादव और थानाधिकारी अशोक कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और मामले में कारवाई शुरू की. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर जांच की है. वहीं, तहसीलदार महेंद्र कुमार चतुर्वेदी पहुंचे. कस्बे में जगह-जगह पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है. परिवादी ने पुलिस को नामजद रिपोर्ट दी है. पुलिस ने कुछ लोगों को राउंड अप किया है.
डीएसपी रामानंद यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे. मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों से बात की जा रही है. कस्बे में हालात शांतिपूर्ण हैं. एहतियात के तौर पर पुलिस जाप्ता तैनात किया है. कस्बे में पूर्ण रूप से शांति रहने से सभी ने राहत की सांस ली है. अटरू थाने के एसआई बाबूलाल सुमन ने बताया कि मामले में पुलिस ने अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पढ़ें. पुराने विवाद के चलते लाठियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, कुछ माह पहले ही जेल से छूटा था
पुलिस के अनुसार पिछले दिनों एक युवक ने सोशल मिडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट की थी. इसके बाद पुलिस ने युवक को शांतिभंग में गिरफ्तार कर पाबंद कर छोड़ दिया था. जब युवक रविवार को वापस काम पर लौटा तो कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया. बीच बचाव में आए दुकान मालिक को भी चोट लग गई. पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सूचना मिलने पर कस्बे में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है. युवक पर हमले की सूचना कस्बे में फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन से जुड़े लोग एकत्र हो गए.

