विपक्ष के बहिष्कार के बीच समाज कल्याण का बजट पास, सातवें दिन भी सदन में नोकझोंक
आज भी सदन में पक्ष और विपक्ष में नोकझोंक देखने को मिली. विपक्ष की गैरमौजूदगी के बीच समाज कल्याण का बजट पास हो गया. पढ़ें..

Published : February 11, 2026 at 8:59 PM IST
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के सातवें दिन वित्तीय वर्ष 2025-26 के तृतीय अनुपूरक से 724 करोड़ 52 लाख 35 हजार रुपये चर्चा के बाद आज समाज कल्याण विभाग का बजट पारित हो गया है. विपक्ष की ओर से कई योजनाओं को लेकर सवाल उठाया गया और जब सत्ता पक्ष के तरफ से मंत्री मदन सहनी ने जवाब देना शुरू किया तो विपक्षी सदस्यों ने यह कहते हुए सदन का वाक आउट कर दिया कि सरकार उनके प्रश्नों का जवाब नहीं दे रही है.
बिहार विधानसभा में पक्ष-विपक्ष आमने-सामने: बिहार विधानसभा में आज सेकंड हाफ में तृतीय अनुपूरक में से समाज कल्याण विभाग के बजट की अनुमति सदन से लेने के लिए चर्चा हुई. विपक्ष की ओर से राजद के विधायक सर्वजीत ने सबसे पहले पार्टी का पक्ष रखा और सरकार के विकास कार्यों पर सवाल खड़ा किया. विपक्ष ने बढ़ती हत्या और दुष्कर्म की घटना पर सरकार को घेरा.
सत्ता पक्ष की तरफ से मिथिलेश तिवारी 2005 के बाद बिहार में जो नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार में विकास कार्य हुए हैं, उसकी चर्चा की. विपक्ष की तरफ से कई सदस्यों ने भाग लिया और सत्ता पक्ष पर आरोप लगाया कि 15 साल के कार्यकाल की कब तक चर्चा करते रहिएगा. विपक्ष और सत्ता पक्ष के सदस्यों के बीच नोकझोंक भी हुई.
"लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही है. जब सदन में हमलोग सवाल पूछते हैं तो सरकार जवाब नहीं देती है. सरकार के मंत्री सिर्फ अपनी पीठ थपथपा रहे हैं. ऐसे में सदन में रहने का क्या मतलब है."- राहुल शर्मा, विधायक, राष्ट्रीय जनता दल

चर्चा के बाद सरकार का उत्तर हुआ. समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने कहा के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं, वृद्ध जनों, दिव्यांग जनों और समाज के अन्य वंचित वर्गों के लिए लगातार कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर काम हो रहा है. सामाजिक सुरक्षा पेंशन 400 से बढाकर 1100 दिया जा रहा है. एक करोड़ 16 लाख 5 000 लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत डीबीटी के माध्यम से 1100 की राशि प्रत्येक के खाते में भेजी जा रही है.
कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना के तहत अब तक 40884 लोगों को मदद गई है. इसी तरह 744 लाभार्थियों को विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत मदद की गई है. 1 लाख 15 हजार 64 आंगनबाड़ी केद्रों के माध्यम से पोषाहार कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है. इसी तरह समाज कल्याण विभाग की कई योजनाओं को संचालित किया जा रहा है, जिससे बिहार के गरीब तबकों को लाभ मिल रहा है.

"विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है. सदन में महत्वपूर्ण वित्तीय कार्य हो रहे हैं लेकिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गायब है. जब आरजेडी की सरकार थी, तब तो इन लोगों ने कुछ किया नहीं, अब जब हमारी सरकार काम कर रही है तो विपक्ष को बर्दाश्त नहीं होता है."- मंजीत सिंह, विधायक, जनता दल यूनाइटेड
ये भी पढ़ें:
'ई जो लड़की है..' बिहार विधान परिषद में CM नीतीश और राबड़ी देवी में तीखी नोकझोंक

