मंडी के इस कस्बे में पीलिया का कहर जारी, 7 नए मामले, 137 पहुंचा कुल मरीजों का आंकड़ा
वर्तमान में 40 मरीज अभी भी पीलिया से प्रभावित हैं, 2 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं. 38 मरीजों का इलाज घर पर चल रहा है.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 17, 2026 at 7:58 PM IST
मंडी: जिला मंडी के गोहर क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप लगातार बना हुआ है और हालात फिलहाल सामान्य होते नजर नहीं आ रहे हैं. मंगलवार को नागरिक स्वास्थ्य केंद्र गोहर में पीलिया के 7 नए मामले सामने आए हैं, जिससे कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 137 से अधिक हो गई है. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक 96 मरीज काफी हद तक स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि एक मरीज की मौत भी हुई है. वर्तमान में 40 मरीज अभी भी पीलिया से प्रभावित हैं, जिनमें से 2 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 38 मरीजों का इलाज घर पर चल रहा है.
खंड चिकित्सा अधिकारी बगस्याड़ डॉ. राकेश भारद्वाज ने बताया कि क्षेत्र में पीलिया का असर अगले 3 से 4 महीनों तक बना रह सकता है. संक्रमण के लगभग चार सप्ताह बाद लक्षण सामने आते हैं, ऐसे में आने वाले समय में और मामले दर्ज किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहना चाहिए. यदि बुखार, उल्टी, भूख न लगना, शरीर पर नील पड़ना या खून आना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराना जरूरी है. पीलिया से पीड़ित मरीजों को दूध, दही, पनीर, खोआ, खीर, घी जैसी दूध से बनी चीजों से परहेज करना चाहिए. बिना चिकित्सकीय परामर्श के किसी भी दवा या लिवर टॉनिक का सेवन नहीं करना चाहिए.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पीलिया से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय पानी को उबालकर पीना है. हालांकि क्लोरीनेशन से संक्रमण की संभावना कम होती है, लेकिन यह पूर्ण सुरक्षा नहीं देता. ऐसे में सभी नागरिकों से अपील की गई है कि एहतियात के तौर पर उबला हुआ पानी ही उपयोग में लाएं. स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि पीलिया का प्रभाव आगामी 2 से 3 महीनों तक बना रह सकता है, इसलिए लोगों को पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी लक्षण के दिखते ही तुरंत इलाज कराने की आवश्यकता है.

