ऑपरेशन ‘NARCOS’ में आरपीएफ को सफलता, हटिया रेलवे स्टेशन से 7.5 किलो गांजा जब्त
ऑपरेशन नार्कोस में आरपीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है. हटिया रेलवे स्टेशन से लाखों का गांजा बरामद किया गया है.

Published : February 13, 2026 at 4:47 PM IST
रांची: रेल के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन NARCOS” के तहत आरपीएफ को लगातार दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुरुवार को हुई कार्रवाई के बाद शुक्रवार को भी हटिया रेलवे स्टेशन से 7.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया.
हटिया स्टेशन पर जांच अभियान में सफलता
रांची रेल मंडल में कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ हटिया, फ्लाइंग टीम रांची और अपराध शाखा रांची की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया. पोस्ट कमांडर, आरपीएफ हटिया के पर्यवेक्षण में स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर एक व्यक्ति हल्के हरे रंग की ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा नजर आया. टीम को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे पूछताछ के लिए रोका गया.
पूछताछ में उसने अपना नाम मोहन प्रसाद, उम्र लगभग 60 वर्ष, निवासी नागा रोड, वार्ड संख्या-10, थाना रक्सौल, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) बताया. बैग के संबंध में सख्ती से पूछने पर उसने स्वीकार किया कि उसके अंदर प्लास्टिक में लिपटा गांजा रखा है. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए बैग की तलाशी ली गई.
कुल नौ पैकेट गांजा बरामद
जांच के दौरान ट्रॉली बैग से भूरे प्लास्टिक में लिपटे कुल नौ पैकेट गांजा बरामद किया गया. इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 7.5 किलोग्राम गांजा पाया गया. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है. मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर गांजा को विधिवत जब्त कर लिया गया.
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के धनपाली, संबलपुर से रंजीत कुमार पंडित नामक व्यक्ति के माध्यम से प्राप्त कर रक्सौल (बिहार) ले जा रहा था. आशंका है कि इसे आगे तस्करी के नेटवर्क के जरिए अन्य स्थानों पर खपाने की योजना थी.
जीआरपी हटिया करेगी आगे की कार्रवाई
सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी हटिया के सुपुर्द कर दिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके.
अभियान में ये थे शामिल
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दीपक कुमार, साधना कुमारी, एएसआई अनिल कुमार, आरक्षक अरविंद कुमार और स्टाफ अमित सिन्हा की सक्रिय भूमिका रही. आरपीएफ का कहना है कि ऑपरेशन NARCOS के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें-
ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत आरपीएफ रांची की बड़ी कार्रवाई, 18 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार
पलामू में पकड़ा गया गांजा तस्करी का नेटवर्क, तीन महिला समेत चार गिरफ्तार, आपस में हैं सभी रिश्तेदार
नारियल की आड़ में तस्करी का भंडाफोड़, वन विभाग की सतर्कता से लाखों का गांजा बरामद

