ETV Bharat / state

कांग्रेस सेवादल का आजीवन सदस्य बनना है तो देना होगा 5 हजार रुपए शुल्क, आर्थिक तंगी दूर करने के लिए चलाई मुहिम

राजस्थान कांग्रेस सेवा दल ने 1 साल में 1 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा.

सदस्यता अभियान को लेकर मीटिंग
सदस्यता अभियान को लेकर मीटिंग (photo credit-congress sevadal)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : January 6, 2026 at 12:55 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : इन दिनों आर्थिक तंगी से जूझ रही कांग्रेस सेवादल ने अब अपने आप को आर्थिक तौर पर स्वावलंबन बनाने की नई मुहिम शुरू की है. इसके लिए कांग्रेस सेवादल ने अखिल भारतीय स्तर पर सदस्यता अभियान शुरू किया है जिसके जरिए कांग्रेस सेवादल अपनी आय के स्रोत बढ़ाएगी.

अब किसी को भी अगर कांग्रेस सेवादल की सदस्यता लेनी होगी तो उसे 5 हजार से लेकर 100 रुपए तक सदस्यता शुल्क जमा कराना होगा. सदस्यता शुल्क लिए जाने के पीछे वजह यह बताई जा रही है कि इसके जरिए कांग्रेस सेवादल आर्थिक तौर पर मजबूत होगी और किसी भी कार्यक्रमों में किसी पर निर्भर नहीं रहकर अपने ही संसाधनों के जरिए उस कार्यक्रम को अंजाम देगी.

हेम सिंह शेखावत बोले... (वीडियो सोर्स-कांग्रेस सेवादल)

इसे भी पढ़ें: नए साल में राजस्थान कांग्रेस को मिला टास्क, मनरेगा के मुद्दे पर एक माह तक होंगे धरने-प्रदर्शन

सेवादल की आजीवन शुल्क 5 हजार रुपए : कांग्रेस सेवादल की आजीवन सदस्यता शुल्क 5 हजार रुपए रखा गया है. इसके अलावा 3 साल की सदस्यता शुल्क 1000 रुपए होगी और अगर कोई कांग्रेस की विचारधारा या नेहरू गांधी की विचारधारा से प्रभावित होकर केवल कांग्रेस सेवादल का सदस्य बनना चाहता है तो उसे 100 रुपए शुल्क जमा करना होगा.

31 दिसंबर 2026 तक चलेगा अभियान : इसे लेकर राजस्थान कांग्रेस सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष हेम सिंह शेखावत का कहना है कि कांग्रेस सेवादल आर्थिक रूप से संपन्न होने का प्रयास कर रहा है. इसके लिए अब हमने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सेवादल सदस्यता अभियान शुरू किया हुआ है जो 5 जनवरी से शुरू होकर 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा. उन्होंने बताया कि आजीवन सदस्यता के लिए 5 हजार, तीन साल की सदस्यता के लिए 1000 रुपए रखा गया है. इसके अलावा गांधी नेहरू की विचारधारा से प्रभावित होने वाले लोगों को भी हम सेवादल से जोड़ेंगे जिनका सदस्यता शुल्क 100 रुपए रखा गया है.

इसे भी पढ़ें: अमित मालवीय बोले-राजस्थान कांग्रेस के तीन सांसदों ने हरियाणा में खर्च किया सांसद कोष का पैसा, जूली ने दिया ये जवाब

राजस्थान में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य : हेम सिंह शेखावत का कहना है कि राजस्थान में कांग्रेस सेवादल का एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है. फरवरी माह तक 50 हजार का लक्ष्य पूरा कर लेंगे. वहीं उसके दो महीने बाद और 50 हजार का लक्ष्य रखेंगे. हमारा कुल लक्ष्य 1लाख सदस्य बनाने का है जो हम 31 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लेंगे. वहीं सेवादल सदस्यता अभियान में भारी भरकम शुल्क लिए जाने को लेकर कांग्रेस के सियासी गलियारों में चर्चाएं भी खूब है. हालांकि कांग्रेस के नेता इसे सकारात्मक अभियान के तौर पर देख रहे हैं कि कांग्रेस सेवादल से जुड़ने वाला सदस्य अपने मर्जी से 5000 या एक हजार की राशि दे रहा है तो इसमें कोई हर्ज नहीं है.

29 जिलों में हो चुके हैं प्रशिक्षण शिविर : इधर विचारधारा के आधार पर श्वेत सैनिक तैयार करने को लेकर चल रहे प्रशिक्षण शिविर पर हेम सिंह शेखावत ने कहा कि अब तक राजस्थान के 29 जिलों में प्रशिक्षण शिविर हो चुके हैं. शेष बचे जिलों में भी हम जल्द प्रशिक्षण शिविर कर लेंगे. अब तक हमने 1000 श्वेत सिपाही तैयार कर लिए हैं, उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सेवादल का नेशनल ट्रेनिंग कैंप आयोजित हो इसका भी प्रस्ताव बनाकर हमने राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा है. राजस्थान में चुनाव प्रबंधन, प्रचारक वर्सेस विचारक सहित कई अन्य मुद्दों को लेकर सेवादल के प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाता है.