ETV Bharat / state

सराज के जंजैहली बाजार में लगी भीषण आग, दो दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान

आग दोपहर करीब डेढ़ बजे लगी, जिसके बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई.

SERAJ JANJEHLI FIRE INCIDENT
सराज के जंजैहली बाजार में लगी भीषण आग (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : January 9, 2026 at 4:39 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सराज: मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के मुख्य बाजार जंजैहली में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. पीएनबी बैंक के समीप स्थित दो दुकानों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया. आग की इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. समय रहते अग्निशमन विभाग के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया.

दो दुकानों को हुआ भारी नुकसान

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे जंजैहली बाजार में पीएनबी बैंक के पास बने लकड़ी के खोखे (लकड़ी की छोटी दुकान) में अचानक आग लग गई. यह खोखा लकड़ी और लोहे की चादरों से बना हुआ था. आग लगते ही कुछ ही सेकेंड में लपटें तेज हो गईं और आसपास अफरा-तफरी मच गई.

दरअसल, खोखे के मालिक मुंशी राम दोपहर के समय खाना खाने घर गए हुए थे. इसी दौरान अचानक आग लग गई. आग की चपेट में मुंशी राम की लोहे के औजार बनाने की दुकान और उनकी पत्नी मंत्रि देवी की मन्यारी व रेडीमेड कपड़ों की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई.

लोगों में मची अफरा-तफरी

लकड़ी से बनी दुकानों के कारण आग की लपटें काफी ऊंची उठने लगीं. बाजार में आसपास बड़ी इमारतें होने के कारण लोग डर गए और अपने घरों व दुकानों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी.

सूचना मिलते ही थुनाग अग्निशमन केंद्र से दमकल वाहन जंजैहली के लिए रवाना हुआ. हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही दोनों दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं. इसके बावजूद अग्निशमन कर्मियों ने समय रहते आग को काबू में कर आसपास की इमारतों और पीएनबी बैंक शाखा को आग की चपेट में आने से बचा लिया.

फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

ये भी पढे़: हिमाचल में खाई में गिरी बस, 5 लोगों की मौत, कई घायल, राहत और बचाव कार्य जारी