ETV Bharat / state

पीएम श्री स्कूल में फर्जीवाड़ा! बच्चों के निवाले पर डाका, ऑर्डर मिलते ही होगी कार्रवाई

सिवनी के 3 पीएम श्री स्कूल में फर्जी बिल की मदद से पैसे गबन करने का आरोप, जांच रिपोर्ट तैयार कर भेजा भोपाल, होगी कार्रवाई.

SEONI PM SHRI SCHOOLS CORRUPTION
पीएम श्री स्कूल में फर्जी बिल की मदद से पैसे गबन करने का आरोप (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 10:31 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

सिवनी: केंद्र सरकार की महात्वाकांक्षी 'पीएम श्री' योजना, सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूलों के रूप में विकसित करना और बच्चों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है. लेकिन इन स्कूलों से कई भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं. जिले के बरघाट और पलारी विकासखंड के 3 पीएम श्री स्कूलों में लाखों रु के गोलमाल और फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. जिसमें बच्चों के भोजन, स्टडी मेटेरियल, खेल उपकरण और शैक्षणिक भ्रमण के नाम पर फर्जी बिल की सहायता से भ्रष्टाचार किया गया है.

200 बच्चों के लिए 400 थाली के फर्जी बिल

बरघाट के बूढ़ेना शासकीय पीएम श्री स्कूल में 200 बच्चे मौजूद हैं. लेकिन स्कूल के पूर्व प्रचार्य शरण दास मैकेंजी के कार्यकाल के दौरान एक साथ 400 थालियों के बिल लगाकर पैसे निकाल लिए गए. इसके साथ ही भोजन आदि के नाम पर दर्जनों फर्जी बिल लगाकर लाखों रूपए की राशि हड़पने का आरोप है.

फर्जीवाड़े की जांच रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए भेजा भोपाल (ETV Bharat)

4 हजार का साउंड बॉक्स 44 हजार में खरीदी

पीएम श्री कन्या शाला बरघाट की प्राचार्य शरला नरेती पर आरोप हैं कि उन्होंने 4 हजार रु में मिलने वाला साउंड बॉक्स स्कूल के लिए 44 हजार रु में खरीदा दिखाया. इसमें 10 गुना से भी अधिक कीमत पर सामग्री की खरीदी दिखाकर सरकारी राशि का गबन किया गया. वहीं, कागजों में खरीदी गई कई अन्य सामग्रियों का स्कूल परिसर में अता-पता तक नहीं है. यहां भी लाखों रु के फर्जी बिल लगाकर राशि निकाली गई है, जिसकी अब बारीकी से जांच की जा रही है.

निजी चंदा का भी सरकारी खाते से किया भुगतान

शासकीय पीएम श्री स्कूल खैरा पलारी में भी वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है. जिसमें यहां के प्राचार्य जयंती मरावी पर आरोप है कि उन्होंने नियम विरुद्ध तरीके से सरकारी राशि का उपयोग किया. जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि प्राचार्य ने अपना निजी चंदे तक का सरकारी खाते से भुगतान किया है. इसके अलावा निर्माण कार्यों और बच्चों के उत्थान के लिए आई राशि में भी गड़बड़ी पाई गई हैं.

जांच रिपोर्ट तैयार कर भेजी गई भोपाल

पीएम श्री स्कूलों के इन आरोपों की शिकायत जब जिला प्रशासन तक पहुंची, तो शिक्षा विभाग ने इस मामले की जांच शुरू की. जब टीम द्वारा बिल के आधार पर स्कूल के स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया गया, तो कई गड़बड़ियां पाई गई. जिसका सिवनी जिला शिक्षा अधिकारी ने तीनों प्राचार्यों के खिलाफ विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है. जिसपर कार्रवाई के लिए फाइलों को लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल भेजी गई है.

भोपाल से निर्देश मिलते ही होगी कार्रवाई

इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस. कुमरे ने बताया, "पीएम श्री स्कूलों में अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं. जिसकी निष्पक्ष जांच कराई गई है. जांच में वित्तीय गड़बड़ियां पाई गई हैं. जिसके आधार पर रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय भोपाल को भेज दिया गया है. वहां से निर्देश मिलते ही दोषियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. बच्चों के भविष्य और सरकारी राशि के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."