धान की रोपाई करने खेतों में उतरे मोहन यादव, 494 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात
सिवनी में धान की रोपाई करने खेत में उतरे मोहन यादव, किसान के लाए गए सिदोरी का चखा स्वाद, कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को दिया बोनस.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 1, 2026 at 10:50 PM IST
सिवनी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिलाओं के साथ धान की रोपाई करने खेतों में उतर गए. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सिवनी जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान सीएम का देसी अंदाज देखने को मिला. मोहन यादव बबरिया गांव के किसान नाथूराम यादव के खेत में पहुंचे और खुद कीचड़ में उतरकर पारंपरिक तरीके से धान का रोपण किया. इस दौरान खेत में मौजूद महिला किसानों ने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर स्थानीय लोकगीत गाए, जिससे पूरा माहौल उत्सव जैसा हो गया.
494 करोड़ के विकास कामों की दी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले के विकास के लिए 494.16 करोड़ की लागत वाले कुल 629 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी. इसमें 349.33 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 144.83 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है. ये विकास परियोजनाएं लोक निर्माण, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय विकास, खेल और जनजातीय कार्य विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी हैं, जिससे जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी.
कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों को 2.83 करोड़ का बोनस
'श्रीअन्न' मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक बड़ा कदम उठाया. उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपए की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर की. किसानों को यह बोनस 1,000 प्रति क्विंटल की दर से दिया गया है.

इस महोत्सव के जरिए सीएम मोहन यादव ने साफ संदेश दिया कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के सम्मान और उनकी आर्थिक उन्नति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। खेत में धान लगाने से लेकर करोड़ों के लोक-कल्याणकारी कामों की शुरुआत तक, सिवनी का यह धान महोत्सव जिले की प्रगति में एक नया अध्याय जोड़ गया है.

- मुख्यमंत्री 7 दिन की विदेश यात्रा पर रवाना, दुबई में बड़े उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा
- कैलाश विजयवर्गीय की कथित चिट्ठी नया एडीशन, विंध्य से लेकर चंबल तक बीजेपी में ऐसे बढ़ रही दरारें
सीएम ने लिया सिदोरी का स्वाद
धान रोपने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान की सादगी को सम्मान दिया. बरघाट के ग्राम लोहारा से आए किसान दौलतराम बिसेन ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से अपने घर से लाई गई 'सिदोरी' (खेत में खाया जाने वाला पारंपरिक भोजन) खाने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान के इस आत्मीय आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया और बड़े चाव से उसे ग्रहण किया. उन्होंने किसान के घर से आई रोटी, गुड़ और अचार का आनंद लेते हुए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया.

