ETV Bharat / state

नैनी झील में लगातार दूसरे दिन भी शव मिलने से हड़कंप, ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई शिनाख्त

नैनीताल की नैनी झील में शुक्रवार को स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव मिला था, शनिवार को महेंद्र चौहान की डेड बॉडी मिली

BODY FOUND IN NAINI LAKE
नैनी झील में फिर मिला शव (File Photo- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : June 27, 2026 at 10:54 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नैनीताल: नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव मिलने की घटना से शहर में सनसनी फैल गई है. शनिवार सुबह झील में एक स्थानीय अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त कराई. मृतक की पहचान ऑल सेंट्स कॉलेज कंपाउंड निवासी महेंद्र चौहान के रूप में हुई.

नैनी झील में अधेड़ व्यक्ति का शव मिला: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने झील में शव उतराता देखा. जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल मल्लीताल कोतवाली पुलिस को दी गई. पुलिस ने रेस्क्यू कर शव को झील से बाहर निकाला और शिनाख्त के लिए रखा. सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान महेंद्र चौहान के रूप में की.

शव की शिनाख्त महेंद्र चौहान के रूप में हुई: महेंद्र चौहान के बेटे ने बताया कि-

शुक्रवार देर रात करीब एक बजे उनके पिता घर से शौचालय जाने की बात कहकर बाहर निकले थे. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. पूरी रात रिश्तेदारों और परिचितों के साथ संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह उनका शव नैनी झील से बरामद होने की सूचना मिली.
-महेंद्र चौहान के पुत्र-

प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं: पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रारंभिक स्तर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

शुक्रवार को भी नैनी झील में एक शव मिला था: गौरतलब है कि नैनी झील से लगातार दूसरे दिन शव बरामद हुआ है. इससे एक दिन पहले स्थानीय निवासी मनीष शाह का शव भी झील से मिला था. लगातार दो दिन में झील से दो शव मिलने की घटनाओं ने शहरवासियों को चिंतित कर दिया है. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: बहन को वीडियो कॉल कर भाई ने उठाया खौफनाक कदम, नैनी झील में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी