Senior Teacher Recruitment : डमी अभ्यर्थी बन परीक्षा देने का आरोपी चढ़ा SOG के हत्थे, 5 लाख में किया सौदा
एसओजी मूल अभ्यर्थी को पहले कर चुकी गिरफ्तार. अब डमी कैंडिडेट को पकड़ा.

Published : June 2, 2026 at 6:41 PM IST
जयपुर: राजस्थान लोकसेवा आयोग (आरपीएससी) की वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा देने के आरोपी को एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया है. उस पर 10 हजार रुपए का इनाम है.
एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि मूल अभ्यर्थी गोपाल सिंह की जगह परीक्षा देने के आरोप में कोटड़ा (जालोर) निवासी नरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है. नरेश को परीक्षा में बिठाकर गोपाल सिंह ने परीक्षा पास कर ली और वरिष्ठ शिक्षक के पद पर चयनित हो गया. हालांकि, आरपीएससी में शिकायत होने के कारण उसका नियुक्ति पत्र जारी नहीं हुआ.
इस मामले में मूल अभ्यर्थी गोपाल सिंह को एसओजी ने 21 मार्च, 2024 को गिरफ्तार किया था. जबकि नरेश दो साल से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी पर दस हजार रुपए का इनाम रखा गया. नरेश ने डमी के रूप में परीक्षा देने के लिए गोपाल सिंह से पांच लाख रुपए में सौदा किया था.
पढ़ें : कांस्टेबल भर्ती-2017: परीक्षा केंद्र पर कंप्यूटर हैक कर सॉल्व करवाया पेपर, आरोपी 9 साल बाद गिरफ्तार
दोनों पेपर में बिठाया डमी कैंडिडेट : उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) द्वितीय श्रेणी भर्ती की लिखित परीक्षा का सामान्य ज्ञान और शैक्षिक मनोविज्ञान विषय का पेपर 24 दिसंबर, 2022 को पहली पारी में 10:30 बजे से 12:30 तक और विज्ञान विषय का पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक हुआ था. पहली पारी का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा निरस्त कर दी गई और 29 जनवरी, 2023 को दुबारा परीक्षा हुई. परावा (जालोर) निवासी गोपाल सिंह ने खुद परीक्षा नहीं दी. उसने दोनों पेपर में अपनी जगह डमी कैंडिडेट बिठाया था.
आरोपी 9 जून तक रिमांड पर : एसओजी की जांच में सामने आया कि 29 जनवरी, 2023 को गोपाल सिंह ने परीक्षा केंद्र (राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल, पानेरियों की मादड़ी, उदयपुर) में अपनी जगह नरेश कुमार को डमी अभ्यर्थी बनाकर परीक्षा दिलवाई थी. अब एसओजी ने आरोपी नरेश को गिरफ्तार किया है. उसे 9 जून तक रिमांड पर लिया गया है. विज्ञान विषय के पेपर में गोपाल सिंह की जगह परीक्षा देने वाले एमबीबीएस स्टूडेंट विष्णु प्रकाश को भी एसओजी पहले गिरफ्तार कर चुकी है. इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को लेकर एसओजी पूछताछ और अनुसंधान कर रही है.

