जयपुर आईजी राहुल प्रकाश ने ग्रहण किया पदभार, बोले- महिला अपराध, साइबर क्राइम पर लगाम लगाना प्राथमिकता
सीनियर आईपीएस अधिकारी राहुल प्रकाश ने जयपुर रेंज आईजी के पद पर संभाला कार्यभार.

Published : February 26, 2026 at 4:15 PM IST
जयपुर: सीनियर आईपीएस अधिकारी राहुल प्रकाश ने गुरुवार को जयपुर रेंज आईजी के पद का कार्यभार संभाला. इससे पहले इस पद पर रहे एचजीआर सुहासा का एडीजी (प्रशिक्षण) के पद पर तबादला होने पर उन्हें विदाई दी गई. पदभार संभालने के बाद आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि इस साल पुलिस मुख्यालय ने महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्ग के खिलाफ अपराध पर लगाम लगाने की प्राथमिकता तय की है. राहुल प्रकाश इससे पहले जयपुर कमिश्नरेट में स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) के पद पर थे. पिछले दिनों आई तबादला सूची में उनका ट्रांसफर जयपुर रेंज आईजी के पद पर किया गया है. वे पहले भी इस पद पर रहे हैं.
नशे की प्रवृत्ति को जड़ से करेंगे खत्म: पदभार ग्रहण करने के बाद राहुल प्रकाश ने कहा कि जयपुर रेंज के जिलों में नशे की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई भी उनकी प्राथमिकता है. नशे की तस्करी और उसकी प्रवृत्ति को जड़ से खत्म करने की दिशा में प्रयास किया जाएगा. सड़क हादसों में कमी लाने के मकसद से जयपुर रेंज में लेन ड्राइविंग का प्रयोग शुरू किया गया था. वह सफलतापूर्वक चल रहा है.
इसे भी पढ़ें- आईजी की क्राइम मीटिंग में अधिकारियों को दो टूक, कहा- अपराधियों पर करें प्रभावी कार्रवाई
संगठित अपराध पर लगाई जाएगी लगाम: आईजी ने कहा कि सड़क सुरक्षा पर प्रभावी काम आगे भी किया जाएगा. उन्होंने कहा, संगठित अपराध की समस्या पूरे राजस्थान में है. उसका जयपुर रेंज भी एक अहम हिस्सा है. उसके ऊपर भी अंकुश लगाया जाएगा. संगठित माफिया, गैंग, अवैध हथियार, गैंग से जुड़े गुर्गों पर भी नियोजित तरीके से सिलसिलेवार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, लेन ड्राइविंग सिस्टम जयपुर रेंज में दो चरणों में लागू किया गया था. पहले चरण में कोटपूतली-बहरोड़ इलाके में यह व्यवस्था पहले लागू की गई थी.

अजमेर रोड पर भी मजबूत होगी लेन ड्राइविंग: आईज बोले कि अजमेर रोड पर दूदू की तरफ यह व्यवस्था बाद में लागू की गई. बहरोड़-कोटपूतली की बजाए दूदू क्षेत्र में ट्रैफिक ज्यादा है. सर्विस लेन का भी एक बड़ा मुद्दा है. इस व्यवस्था को और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा. फिलहाल, चुनिंदा पॉइंट्स पर आईटीएमएस कैमरों से निगरानी रखी जा रही है. कई जगह मोबाइल यूनिट भी तैनात की गई है. हाइवे पर चालक लेन ड्राइविंग अनुशासन का पालना कर रहे हैं. आगे इसे और मजबूत करने के कदम उठाए जाएंगे.

इसे भी पढ़ें- अब अपराधियों और ठगों की सूचना सीधे पहुंचेगी आईजी राहुल प्रकाश तक, एक्स पर जारी किया नंबर
साइबर अपराध को लेकर बढ़ी जागरूकता: उन्होंने कहा कि साइबर अपराध को लेकर लोगों में जागरूकता में बढ़ोतरी हुई है. यह सही है कि साइबर अपराध से जुड़ी घटनाएं हर जिले में फैली हैं और कार्रवाई भी हर जिले में होने लगी हैं. अब लोगों में जागरूकता आई है और पुलिस अधिकारी भी धीरे-धीरे प्रशिक्षित हो रहे हैं. पहले यह बिलकुल नए तरीके का अपराध था. इसका सामना कैसे किया जाए. इसे लेकर भी ज्यादा स्पष्ठता नहीं थी. पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह से पुलिस ने काम किया है. केंद्र की एजेंसी I4C की तर्ज पर राजस्थान में R4C का गठन करने की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा की है. इससे साइबर अपराध पर लगाम लगाने ने मदद मिलेगी.

