हरिद्वार: यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर पर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप, यूथ कांग्रेस नेता पर मुकदमा दर्ज
सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर ने हरिद्वार यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के खिलाफ रिश्वत मांगने के कथित आरोप लगाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 28, 2026 at 7:20 AM IST
हरिद्वार: सोशल मीडिया पर पांच लाख रुपये की कथित रिश्वत मांगने का आरोप लगने के बाद सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती ने हरिद्वार यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. रानीपुर कोतवाली पुलिस ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने सभी आरोपों को निराधार और झूठा बताया है. कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद यह मामला कोर्ट में जाएगा और कोर्ट में ही सभी आरोपों का जवाब भी दिया जाएगा.
शिवालिक नगर स्थित ड्रग विभाग के कार्यालय में तैनात सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनिता भारती ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत देकर बताया कि बीती 26 फरवरी को एक व्यक्ति कैश खुराना ने फेसबुक पर उनके खिलाफ पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने संबंधी पोस्ट सार्वजनिक की. पोस्ट वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में उन्हें टैग कर सवाल जवाब किए जाने लगे. जिससे उनकी शासकीय और सामाजिक छवि प्रभावित हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कृत्य सुनियोजित तरीके से प्रतिष्ठा धूमिल करने और झूठी अफवाह फैलाने के उद्देश्य से किया गया है.
उन्होंने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने की मांग की. साथ ही आपत्तिजनक पोस्ट और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखकर विधिक कार्रवाई की जाने की मांग भी की है. यह मामला प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल की मदद से पोस्ट की तकनीकी पड़ताल भी कराई जा रही है.
वहीं यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने ईटीवी भारत से बातचीत के दौरान बताया कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं. उन्होंने किसी को भी टारगेट नहीं किया है. मुकदमा दर्ज होने के बाद यह मामला कोर्ट में जाएगा और कोर्ट में ही सभी आरोपों का जवाब भी दिया जाएगा. जिस किसी भी अधिकारी ने उन पर आरोप लगाए हैं, वो सभी आरोप झूठे हैं. कोर्ट में इसका जवाब दिया जाएगा. वहीं एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की तहरीर के आधार पर कैश खुराना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.
पढ़ें-

