ETV Bharat / state

सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा: 68.80 फीसदी अभ्यर्थियों ने आजमाया भाग्य

परीक्षा में मेटा ग्लासेस और ब्लूटूथ डिवाइस पर विशेष निगरानी रखी गई.

Candidates undergoing frisking at gate for exam
परीक्षा के लिए में गेट पर फ्रिस्किंग करवाते अभ्यर्थी (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : August 23, 2026 at 6:59 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से रविवार को सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई. प्रदेश के 14 जिलों में दो पारियों में हुई परीक्षा में 41 हजार 768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे. इनमें से 28 हजार 738 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 13 हजार 30 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. इस तरह परीक्षा में कुल 68.80 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई. इस भर्ती परीक्षा के जरिए सीनियर कंप्यूटर अनुदेशक के कुल 322 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें नॉन-टीएसपी क्षेत्र के 288 और टीएसपी क्षेत्र के 34 पद शामिल हैं. माध्यमिक शिक्षा विभाग के 300 और संस्कृत शिक्षा विभाग के 22 सीनियर कंप्यूटर अनुदेशक पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई.

परीक्षा केंद्रों पर त्रिस्तरीय जांच: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित इस परीक्षा को लेकर पहली और दूसरी पारी में केंद्रों पर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. निर्धारित समय से काफी पहले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे. केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की त्रिस्तरीय जांच की गई. इसके साथ ही फोटो आईडी सत्यापन, फेस स्कैनिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया. परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट ग्लासेस सहित सभी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा. अभ्यर्थियों को बेल्ट, टोपी, स्कार्फ, स्टोल, आभूषण, मेटल या बड़े बटन वाले कपड़े पहनकर आने की भी अनुमति नहीं दी गई.

Checking of examinees' admit cards
परीक्षार्थी के प्रेवश पत्र की चेकिंग (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: NTA की आयुर्वेदिक PG परीक्षा में बिजली गुल, 49 अभ्यर्थी नहीं दे सके पूरी परीक्षा, अब री-एग्जाम का ऐलान

मेटा ग्लासेस पर विशेष निगरानी : एक परीक्षा केंद्र की एडिशनल सेंटर सुपरिंटेंडेंट नेहा भट्ट ने बताया कि मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के साथ शिक्षकों ने फोटो आईडी से अभ्यर्थियों का मिलान किया. जिन अभ्यर्थियों की फोटो आईडी का मिलान नहीं हो पाया, उनसे अंडरटेकिंग भी भरवाई गई. इसके बाद फेस रिकॉग्निशन और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी की गई. वहीं उन्होंने बताया कि आजकल अभ्यर्थियों के पास कई तरह के हाईटेक डिवाइस उपलब्ध हैं. ऐसे में मेटा ग्लासेस और ब्लूटूथ डिवाइस पर विशेष निगरानी रखी गई. परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह के कम्युनिकेशन उपकरण को अनुमति नहीं दी गई.

पढ़ें: सांख्यिकी अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा 30 को होगी, जानें कब अपलोड होंगे प्रवेश पत्र

कर्मचारी चयन बोर्ड कार्यालय से लाइव मॉनिटरिंग : राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड मुख्यालय में विशेष कमांड सेंटर स्थापित किया गया है. यहां से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई. इसके अलावा प्रत्येक जिले में भी अलग-अलग कमांड सेंटर बनाए गए. सभी परीक्षा केंद्रों और परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. पूरी परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई.