गोरखपुर में सीनियर सिटीजन ने खेली फूलों की होली, जमकर किया डांस, गीत-संगीत के साथ मनाया उत्सव
प्रदेश के पहले सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर में बुजुर्गों ने फूलों की होली खेली. पूरे परिसर में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 28, 2026 at 8:23 PM IST
|Updated : February 28, 2026 at 8:42 PM IST
गोरखपुर : प्रदेश के पहले सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर में होली मिलन कार्यक्रम हुआ. फूलों और अबीर गुलाल की होली खेल बुजुर्गों ने अपने युवाकाल को याद किया. ढोल की थाप और हारमोनियम की मधुर तान पर सभी थिरकने लगे. गुलाब, गेंदा की पंखुड़ियों से सजा आंगन आत्मीयता के रंग में रंग गया. संचालक अशोक मिश्रा ने माहौल को खुशनुमा बना दिया. कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश और हनुमान जी के गीत के साथ हुई.
विद्यापति पाठक की टीम ने होली गीत शुरू की तो बुजुर्ग भी ताल से ताल मिलाने लगे. ऐसा लगा जैसे सारे गम, सारी जिम्मेदारियां को भूलकर यह लोग आनंद की आगोश में समा जाना चाह रहे हैं. कार्यक्रम में समाजसेवी गिरीजा शंकर तिवारी, रमाशंकर शुक्ल, प्रहलाद गुप्ता, केसी. शुक्ल, विश्व बंधु गुप्ता और नर्वदेश्वर पांडे ने गीत-संगीत, फाग और हास-परिहास के माध्यम से उत्सव को यादगार बना दिया.
इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहा पारंपरिक फाग गीतों का गायन. कार्यक्रम का मूल संदेश था कि जीवन की संध्या भी उतनी ही रंगीन और अर्थपूर्ण हो सकती है, यदि साथ हो अपनों का और मन में हो उत्सव का भाव. सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर द्वारा आयोजित यह फूलों की होली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सम्मान और स्नेह का जीवंत उदाहरण बन गई.

प्रदेश की योगी सरकार में बना यह पहला सिटिजन डे केयर सेंटर 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों के लिए पूरे दिन का शरण और मनोरंजन स्थल है, जहां वह मात्र 500 रुपये के मासिक शुल्क पर सभी जरूरी सुविधाओं और मनोरंजन से खुद को जोड़ सकते हैं. होली के अवसर पर शहर में विभिन्न तरह के गीत-संगीत, फाग उत्सव के आयोजन हो रहे हैं.

गायिका सुनीता श्रीवास्तव और उनकी टीम ने ईटीवी भारत के साथ अपने गीत संगीत की प्रस्तुति देकर इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने और आपसी भाईचारा कायम रखने का संदेश दिया. महिलाओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाया और होली गीत पर जमकर झूमीं. निधि श्रीवास्तव ने भी भगवान भोलेनाथ के होली से जुड़े हुए गीत को सुनाकर अपनी प्रस्तुति दी.
यह भी पढ़ें : लखनऊ में ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में UGC पर चुप रहे डॉ. दिनेश शर्मा, लोगों ने की जमकर नारेबाजी

