काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 6 जनवरी से शुरू होंगी सेमेस्टर और पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षाएं, प्रवेश पत्र लाना होगा जरूरी
परीक्षा नियंता कार्यालय के अनुसार, विभागाध्यक्ष का हस्ताक्षर किया हुआ वैध पहचान पत्र परीक्षा के दौरान लाना अनिवार्य होगा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 9:20 PM IST
वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय में स्नातक, परास्नातक और पीएचडी की सेमेस्टर परीक्षाएं 6 जनवरी से 24 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी. विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग विषयों की परीक्षाएं होंगी. वहीं, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में मुख्य परिसर से लेकर इसके अन्य परिसरों में प्रथम सेमेस्टर के स्नातक और परास्नातक विद्यार्थियों की परीक्षा इसी महीने के तीसरे सप्ताह में आयोजित कराए जाने पर विचार किया जा रहा है. तिथियों पर अंतिम मुहर लगने के बाद समय सारिणी जारी की जाएगी.
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में 6 जनवरी से 150 कोर्सेज में सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित होनी हैं. परीक्षा नियंता कार्यालय के मुताबिक, पहले सेमेस्टर के बचे हुए पेपर्स की परीक्षाएं जनवरी माह में आयोजित कराई जाएंगी. इसमें भूटान के परिचय, क्रिप्टोगैम, पुरातत्व, प्राचीन इतिहास, ऑफिस मैनेजमेंट और अलजेब्रा जैसे विषयों के प्रश्न पत्रों की परीक्षा आयोजित होनी है. 24 जनवरी तक होने वाली परीक्षाओं में पीएचडी कोर्स वर्क की भी परीक्षाएं शामिल की गई हैं. सभी परीक्षार्थियों को अपना प्रवेश पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा.
इन विषयों की परीक्षाएं की जाएंगी आयोजित : परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, एलएलबी, एमए सामाजिक विज्ञान, एमए सोशल वर्क, एमए मैथमेटिक्स, एमकॉम, एमएससी इन इन्वायरमेंट साइंस, एमएससी साइकोलॉजी, बीएस सोशल साइंस, बीकॉम, बीवोक आदि की परीक्षाएं होंगी. वहीं, पीएचडी कोर्स वर्क के अंतर्गत अंग्रेजी, मराठी, नेपाली, संस्कृत, अप्लाइड माइक्रोबायोलॉजी, साइकोलॉजी, फिजियोलॉजी, जियो फिजिक्स, बायोकेमिस्ट्री, गृह विज्ञान आदि विषयों की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी.
परीक्षा के लिए तिथियां की गई हैं निर्धारित : परीक्षा नियंत्रक कार्यालय की ओर से परीक्षा की तिथियां जारी की गई हैं. इसके अंतर्गत 6, 7, 8, 9, 10, 12, 13, 14, 16, 17, 19, 21 और 24 जनवरी को परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी. कार्यालय की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जिन परीक्षार्थियों के पास प्रवेश पत्र नहीं होगा उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्हें संबंधित विभागाध्यक्ष की ओर से हस्ताक्षर किया हुआ वैध पहचान पत्र भी लाना अनिवार्य होगा. परीक्षा कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर छात्र परीक्षा नियंत्रक से संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें : टेंपो चलाकर खड़ी कर दी यूपी की पहली एयरलाइन, शंख एयरवेज के मालिक बोले- हौसले से ही मिलती है सफलता

