खाटू श्याम फाल्गुनी मेला: पुलिस की ओर से 'सेल्फी प्रतियोगिता' का आयोजन, बेस्ट 100 को मिलेगा पुरस्कार
मेले में श्रद्धालु पुलिस की ओर से की गई व्यवस्थाओं से जुड़ी सेल्फी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं.

Published : February 23, 2026 at 4:50 PM IST
सीकर: प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटू श्याम मंदिर में आयोजित हो रहे भव्य फाल्गुन मेले के दौरान इस बार एक अनूठी पहल की गई है. राजस्थान पुलिस और सीकर पुलिस द्वारा 'श्री खाटूश्यामजी मेला सेल्फी प्रतियोगिता' का आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालु पुलिस की ओर से किए गए नवाचार, उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और सहयोग के साथ अन्य सुंदर पलों की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे. इसमें से बेस्ट 100 सेल्फी लेने वालों को पुलिस की ओर से इनाम दिया जाएगा.
सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार मेले में पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, महिला सहायता, चिकित्सा समन्वय एवं श्रद्धालुओं के नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी श्रद्धालु को मेले में पुलिस की बेहतर व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी द्वारा किसी भी श्रद्धालु को की गई मदद या पुलिस-प्रशासन के इंतजामों या सुविधाओं से संबंधित कोई भी क्षण दिखाई दे, तो वह उस पल की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें- खाटू श्याम फाल्गुनी मेला: भीड़ को लेकर कई व्यवस्थाएं, अफवाहों और भ्रामक दावों से सावधान रहने की अपील
100 बेस्ट सेल्फी को मिलेगा पुरस्कार: एसपी नूनावत ने बताया कि प्रतिभागियों को अपनी सेल्फी के साथ @policerajasthan को टैग करते हुए #SafeWithPolice और #KhatuMelaPolice हैशटैग लगाना होगा. इनमें से 100 सबसे अच्छी सेल्फी को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा. विजेताओं को खाटू श्याम बाबा की आकर्षक तस्वीर, प्रसाद तथा राजस्थान पुलिस की ओर से प्रशंसा प्रमाण पत्र दिया जाएगा. जिले से बाहर के विजेताओं को डाक से पुरस्कार व प्रशंसा पत्र भेजे जाएंगे.
आधिकारिक पेज फॉलो करने की अपील: एसपी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करना है. पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है. यह प्रतियोगिता उसी साझेदारी का प्रतीक है. उन्होंने मेले से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी के लिए श्रद्धालुओं से आधिकारिक पुलिस पेज को फॉलो करने की अपील भी की है और कहा है कि किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9667600788 एवं पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर संपर्क किया जा सकता है.
इसे भी पढ़ें- खाटूश्यामजी फाल्गुनी लक्खी मेला आज से, 8 दिन नजर आएगा आस्था का सैलाब, जानें भक्तों के लिए क्या रहेगा खास

