ETV Bharat / state

राजगीर में बिहार जूनियर हॉकी टीम का चयन आज, 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष चैंपियनशिप में खेलने का मिलेगा मौका

राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान पर आज बिहार जूनियर हॉकी टीम का चयन ट्रायल हो रहा है. कोयम्बटूर में 28 जुलाई से होगी चैंपियनशिप.

Hockey India Junior Selection
बिहार जूनियर हॉकी टीम (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : July 5, 2026 at 11:49 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

नालंदा: राजगीर के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी मैदान पर तमिलनाडु के कोयम्बटूर में आयोजित होने वाली 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष चैंपियनशिप के लिए बिहार की जूनियर टीम का चयन हो रहा है. आज रविवार को सुबह 9 बजे से चयन ट्रायल शुरू हो गया है.

खेल प्राधिकरण का आयोजन: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस चयन प्रतियोगिता में राज्य भर के पात्र खिलाड़ी भाग लें रहे हैं. प्राधिकरण ने सभी जिला हॉकी संघों से पात्र और इच्छुक खिलाड़ियों को समय पर ट्रायल में आने की अपील की थी. राष्ट्रीय चैंपियनशिप 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक कोयम्बटूर में खेली जाएगी.

उम्र सीमा निर्धारित: ट्रायल में केवल वे खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2007 या उसके बाद हुआ हो. उम्र की यह सीमा सुनिश्चित करने के लिए खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण-पत्र और मैट्रिक उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र लाना अनिवार्य है.

मुख्य प्रशिक्षक को रिपोर्टिंग: चयन प्रक्रिया में शामिल सभी खिलाड़ियों को मैदान पर पहुंचकर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के मुख्य प्रशिक्षक सह ओलंपियन गेविन फरेरा को रिपोर्ट करना है. चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय टीम के लिए बेस्ट खिलाड़ियों का चुनाव करेंगे.

जरूरी दस्तावेज साथ लाएं: ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को हॉकी इंडिया आईडी कार्ड, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, मैट्रिक प्रमाण-पत्र, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो की मूल प्रति और फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य है. बिना दस्तावेजों के किसी भी खिलाड़ी को मैदान पर उतरने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

राज्य की तैयारियां तेज: इस ट्रायल के माध्यम से बिहार हॉकी टीम को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. चयनित खिलाड़ी कोयम्बटूर में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे.