सीहोर में कई फीट हवा में उछले लोग, ताश के पत्तों की तरह पलटती रही कार, खौफनाक VIDEO
सीहोर में टवेरा कार का खतरनाक एक्सीडेंट, कई फीट हवा में उछलकर दूर गिरा वाहन, खौफनाक एक्सीडेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 9, 2026 at 3:27 PM IST
सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर के भेरूंदा क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. एक्सीडेंट कितना खतरनाक था, यह सीसीटीवी फुटेज में साफ देखने मिल रहा है. ग्राम भादाकुई के पास तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और हवा में कई बार पलटते हुए पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में 19 वर्षीय प्रियंका प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार करीब 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना दो से 3 दिन पुरानी है, हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रहा है.
चालक ने खोया नियंत्रण, कई फीट हवा में उछली कार
जानकारी के अनुसार, टवेरा में सवार सभी लोग खंडवा जिले के निवासी थे. वे किसी निजी काम से नरसिंहपुर की ओर जा रहे थे. जब वाहन भेरूंदा मार्ग पर स्थित ग्राम भादाकुई के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा. तेज रफ्तार के कारण कार सड़क से नीचे उतर गई और कई फीट हवा में उछलते हुए लगातार कई बार पलट गई.
कार हादसे का खौफनाक वीडियो
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हादसे का खौफनाक दृश्य साफ दिखाई देता है. कार ताश के पत्तों की तरह पलटती रही और जोरदार टक्कर के कारण उसके परखच्चे उड़ गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में बैठे कई लोग उछलकर दूर जा गिरे. कुछ ही सेकंड में पूरा घटनास्थल चीख-पुकार से गूंज उठा. हादसे को अपनी आंखों से देखने वाले लोगों के मुताबिक, दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े. स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. घायलों को टवेरा से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई.
- मध्य प्रदेश के उमरिया में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में जा घुसी कार, 4 की मौत
- रोड पर बैठी गायों पर चढ़ाई बस, भड़के ग्रामीणों ने किया पथराव, आग लगने से खाक
एक युवती की मौत, बाकी घायलों का इलाज जारी
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल भेरूंदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बारे में एसडीओपी रोशन जैन ने बताया कि "हादसे में कन्नौद क्षेत्र की 19 वर्षीय प्रियंका प्रजापति की मौत हुई है. दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है."

