ETV Bharat / state

सीहोर में ट्रक व बोलेरो की भीषण भिड़ंत, 5 लोगों की मौके पर मौत, 5 गंभीर घायल

आष्टा-शुजालपुर रोड पर सोमवार दोपहर में भीषण सड़क हादसा. टक्कर इतनी भीषण कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए.

Sehore Horrific road accident
सीहोर में ट्रक व बोलेरो की भीषण भिड़ंत, 5 लोगों की मौत (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 6, 2026 at 3:44 PM IST

|

Updated : July 6, 2026 at 3:57 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

सीहोर : आष्टा-शुजालपुर सड़क मार्ग पर दिल दहलाने वाला रोड एक्सीडेंट हुआ. ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर ग्राम मेना गोदी के पास हुई. हादसे में 5 लोग मौत का शिकार हो गए. इसके अलावा 4 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. दोनों वाहनों के बीच टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी. आसपास के लोग मौके पर दौड़े लेकिन मंजर इतना भयावह था कि लोग अंदर तक दहल गए. बोलेरो में लोग फंसकर मौत का शिकार हुए. रोड पर चारों ओर खून बिखरा देख लोग कांप उठे.

घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा

लोगों ने तुरंत इसकी सूचना 112 वाहन को दी. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई. लोगों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही रेस्क्यू शुरू कर दिया. बोलेरो में गंभीर रूप से घायल व फंसे लोगों को निकाला गया. इस दौरान पुलिस टीम और एंबुलेंस भी पहुंच गईं. लोगों ने पुलिस की मदद से बोलेरो में फंसे लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद निकाला. क्योंकि भीषण टक्कर के कारण बोलेरो के परखच्चे उड़ गए.

4 गंभीर घायलों को निकालकर तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा. मौके पर पार्वती थाना प्रभारी हरिसिंह परमार पहुंचे. उन्होंने बताया कि 3 घायलों को सिविल अस्पताल भेजा गया है. दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच करेंगे. पहली प्राथमिकता गंभीर घायलों का उपचार कराना है.

बोलेरो में 9 लोग सवार, सभी राजगढ़ के रहने वाले

एक्सीडेंट के बाद ट्रक सड़क किनारे गहराई में उतर गया. आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया "बोलेरो में 9 लोग सवार थे. ये सभी राजगढ़ जिले के निवासी हैं. एक व्यक्ति का इलाज कराने आष्टा जा रहे थे. आष्टा-पचोर-शुजालपुर मार्ग पर मेना गोदी गांव पहुंचे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए." बोलेरो में राजाराम सुंदर (45), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (38), बनेसिंह (22), गुलाबचंद (30), हेमराज (25), देवीराम (60) और अमरसिंह (45) सवार थे.

एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने सड़क हादसे में पहले 4 लोगों की मौत की पुष्टि की. बाद में उपचार के दौरान एक अन्य घायल की भी मौत होना बताया. जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 5 हो गई. मृतकों में राजगढ़ जिले के भियापुरा निवासी इंदरसिंह पिता नंदराम तथा राजाराम पिता गणपत के नाम सामने आए हैं. अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

Last Updated : July 6, 2026 at 3:57 PM IST