ETV Bharat / state

पुष्कर में इजरायली प्रार्थना स्थल की सुरक्षा बढ़ी, ईरान-इजराइल तनाव का असर

पुष्कर में इजरायली पर्यटकों के प्रार्थना स्थल बेदखबाद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पर्यटकों को सुनसान इलाकों से दूर रहने की सलाह.

बेदखबाद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है
बेदखबाद की सुरक्षा बढ़ा दी गई है (ETV Bharat Ajmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 8:57 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

अजमेर: राजस्थान की तीर्थ नगरी पुष्कर में इजरायली पर्यटकों के प्रार्थना स्थल बेदखबाद की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. यह कदम ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच छिड़ी जंग के बाद उठाया गया है. साथ ही, इजरायली पर्यटकों को सुनसान क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है.

बेदखबाद की बढाई सुरक्षा: बेदखबाद की सुरक्षा बढ़ाने पर अजमेर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा ने कहा कि ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल की जंग शुरू होने के बाद पुष्कर में इजरायली प्रार्थना स्थल की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है. पुलिस की टीमें लगातार नजर रख रही हैं.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शर्मा (ETV Bharat Ajmer)

पुष्कर में बेदखबाद को अति संवेदनशील स्थलों में शुमार किया जाता है. ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल के युद्ध के कारण भारत में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. बेदखबाद इजरायली पर्यटकों का प्रमुख प्रार्थना स्थल है, जहां वे प्रार्थना करते हैं और अपनी धार्मिक परंपराओं तथा त्योहार मनाते हैं. इन दिनों पुष्कर में इजरायली पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, क्योंकि उनका त्योहार पुरीम 2 से 3 मार्च तक मनाया जा रहा है. इसी कारण बेदखबाद और इजरायली पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- इजरायली पर्यटकों का धार्मिक स्थल बेद खबाद 17 सितंबर को खुलेगा

बेदखबाद क्यों संवेदनशील है?: मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले से पहले यहां सब कुछ सामान्य था. हमले के बाद अमेरिका में पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी डेविड कोलमैन हेडली को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में पता चला कि मुंबई हमले से पहले हेडली ने रेकी की थी और वह पुष्कर भी आया था, जहां उसने बेदखाबद की रेकी की. कट्टरपंथी आतंकी संगठन इजरायलियों को निशाना बनाते हैं. भारत में इजरायली पर्यटकों के लिए पुष्कर पसंदीदा जगह है, जहां विदेशी पर्यटकों में सबसे ज्यादा इजरायली होते हैं. इसी वजह से यहां किराए के भवन में इजरायली प्रार्थना स्थल स्थापित है.

पुष्कर में होली का भी माहौल: पुष्कर में होली का माहौल भी जोरों पर है. पुष्कर की होली हमेशा देसी और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करती है. इस बार भी बड़ी संख्या में पर्यटक होली में शामिल होने आए हैं. पुलिस ने सीएलजी सदस्यों के साथ बैठक की. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि होली पर किसी तरह का हुड़दंग, विदेशी पर्यटक के साथ अभद्रता या विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना न हो, इसके लिए पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी.

इसे भी पढ़ें- पुष्कर में चार माह बाद खुला इजरायलियों का धार्मिक स्थल बेदखबाद, 2 अक्टूबर को मनाएंगे नववर्ष