चंडीगढ़ के HDFC बैंक में अचानक चली गोली, बंदूक की गूंज सुन मौके पर मच गई अफरा-तफरी
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित एचडीएफसी बैंक में गोली चली है जिसमें एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया है.

Published : February 24, 2026 at 7:22 PM IST
चंडीगढ़ : शहर के सेक्टर-17 स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में उस समय हड़कंप मच गया, जब बैंक के भीतर अचानक गोली चल गई. घटना के बाद बैंक परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी
बैंक में चली गोली : जानकारी के अनुसार, गोली बैंक में तैनात एक सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से चली. बताया जा रहा है कि दोपहर 2 बजे के करीब गार्ड अपनी बंदूक संभाल रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई. गोली गार्ड की ही जांघ में लगी, जिससे वो घायल हो गया.
गार्ड की हालत खतरे से बाहर : घटना के तुरंत बाद उसे फौरन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत खतरे से बाहर है और इलाज जारी है. सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. एहतियात के तौर पर बैंक परिसर को कुछ समय के लिए खाली करवाया गया, ताकि हालात सामान्य किए जा सकें. पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों से पूरे मामले को लेकर पूछताछ भी की.
सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे : पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ये स्पष्ट हो सके कि गोली किन परिस्थितियों में चली है. साथ ही सुरक्षा गार्ड की बंदूक की भी जांच की जा रही है, ताकि ये पता लगाया जा सके कि कोई तकनीकी खराबी थी या लापरवाही की वजह से घटना हुई. फिलहाल शुरुआती जांच में इसे हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटना के बाद बैंक में कुछ समय तक हर कोई घबरा गया था. हालांकि स्थिति अब नियंत्रण में है. फिलहाल गार्ड का इलाज सेक्टर 16 में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : 'मां, विनय ने मुझे चाकू मार दिया है… मुझे बचा लो' , सुहानी के थे ये आखिरी शब्द, रोते हुए बोली मां
ये भी पढ़ें : "भाई की जान बचाने के लिए लाखों रुपए का कर्ज लिया, चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई", सोनीपत में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
ये भी पढ़ें : कैथल में हेड कॉन्स्टेबल के फेसबुक पोस्ट से हड़कंप, लिखा- DSP ने नशे के केस में फंसाने की धमकी दी, SP ने बैठाई जांच

