ETV Bharat / state

होली पर प्रशासन अलर्ट, 607 स्थानों पर 659 दंडाधिकारी... इन नंबरों पर दें संदिग्ध गतिविधि की जानकारी

पटना में होली 2026 के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है. 607 स्थानों पर 659 दंडाधिकारी-पुलिस तैनात, सीसीटीवी से लेकर ड्रोन तक से निगरानी. पढ़ें-

patna police
होली पर पटना में प्रशासन अलर्ट (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 2, 2026 at 2:18 PM IST

5 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: पटना में होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने संयुक्त रूप से विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.

600 से अधिक दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति: पटना के कुल 607 स्थानों पर 109 वरीय दंडाधिकारियों के नेतृत्व में 659 दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. सशस्त्र बल और लाठी बल भी तैनात किए गए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो.

होली पर पटना में प्रशासन अलर्ट (ETV Bharat)

अनुमंडल स्तर पर विस्तृत तैनाती: प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पटना सदर अनुमंडल में 94, पटना सिटी में 163, दानापुर में 69, बाढ़ में 144, मसौढ़ी में 58 और पालीगंज अनुमंडल में 79 स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है. विभिन्न अनुमंडल नियंत्रण कक्षों में दंडाधिकारियों को तीन पालियों में लगाया गया है, जिससे 24 घंटे निगरानी बनी रहे.

सीसीटीवी, ड्रोन और गश्ती दलों की सक्रिय भूमिका: सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरा, वीडियो रिकॉर्डिंग और ड्रोन के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की निगरानी की जा रही है. पटना सदर क्षेत्र में पांच गश्ती दल 24×7 पेट्रोलिंग करेंगे. क्विक रिस्पांस टीम (QRT), मोबाइल पार्टी और मोटरसाइकिल गश्ती दल भी पूरी तरह सक्रिय हैं.

अग्नि सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर: जिलाधिकारी ने होलिका दहन स्थलों पर अग्निशमन दस्ते तैनात करने और अस्पतालों में मेडिकल टीम को अलर्ट रखने का आदेश दिया है. आईजीआईएमएस, पीएमसीएच, एनएमसीएच और गुरु गोविंद सिंह अस्पताल आपात स्थिति के लिए तैयार रहेंगे. जिला नियंत्रण कक्ष और अनुमंडल मुख्यालयों में एम्बुलेंस उपलब्ध रहेंगी.

patna police
अग्नि सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर जोर (ETV Bharat)

नदी घाटों पर सख्त प्रतिबंध और SDRF तैनात: होली के दौरान नदी घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर निजी नाव परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. SDRF की सात टीमों को मोटर बोट, गोताखोर और बचाव उपकरणों के साथ तैनात किया गया है. सभी घाटों पर लाइफ जैकेट और अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखे गए हैं.

शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई: शराब तस्करी और अवैध शराब निर्माण पर कड़ी नजर रखी जा रही है. सहायक आयुक्त उत्पाद, एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है. वाहनों की सघन जांच भी जारी रहेगी.

बिहार पुलिस मुख्यालय के व्यापक निर्देश: बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में होली और रमजान माह को लेकर शांति बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. होली 3 और 4 मार्च 2026 को मनाई जाएगी, जबकि रमजान 19 फरवरी 2026 से शुरू हो चुका है. सभी जिलों में शांति समितियों की बैठकें आयोजित की गई हैं ताकि स्थानीय स्तर पर समन्वय बने रहे.

patna police
नदी घाटों पर सख्त प्रतिबंध और SDRF तैनात (ETV Bharat)

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल और निगरानी: मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है. विगत घटनाओं की समीक्षा कर निवारक कार्रवाई शुरू की गई है. अफवाह फैलाने वालों पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से 24×7 नजर रखी जा रही है और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत त्वरित कार्रवाई होगी.

अतिरिक्त बलों की तैनाती और QRT सक्रिय: राज्य में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 35 कंपनियां, रेंज रिजर्व की 12 कंपनियां, सीएपीएफ की 3 कंपनियां, 18,822 नवनियुक्त प्रशिक्षु सिपाही, 2,768 प्रशिक्षु सहायक अवर निरीक्षक और 5,100 गृहरक्षकों की अतिरिक्त तैनाती की गई है. प्रत्येक थाना क्षेत्र में QRT सक्रिय है और कंट्रोल रूम हर दो घंटे स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं.

नागरिकों से अपील और आपात संपर्क: जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली भाईचारे का पर्व है, इसे शांति से मनाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें. पूर्वी पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि किसी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना डायल-112, जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810 / 2219234) या पुलिस हेल्पलाइन 9031825979 पर तुरंत दें. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई होगी.

"प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहेंगे. वहीं होली पर्व के शांतिपूर्ण समापन तक मुस्तैदी से कर्तव्य निर्वहन सुनिश्चित करेंगे."-परिचय कुमार, पूर्वी एसपी, पटना

ये भी पढ़ें-

2 या 3 मार्च.. होलिका दहन कब है?, पंडितों से जानिए तिथि और शुभ मुहूर्त

यहां खेली गई थी पहली होली! हिरण्यकश्यप के इसी किले में जली थी उसकी बहन होलिका

होली की छुट्टियों में राजगीर घूमने का बना रहे हैं प्लान तो ध्यान दें! 3 और 4 मार्च को बंद रहेंगे जू और नेचर सफारी